चंडीगढ़ में सी-पेक्स 2024 और 76वां ऑल ब्रीड डॉग एंड हॉर्स शो का शानदार आगाज़
चंडीगढ़, 21 दिसंबर: परेड ग्राउंड, सेक्टर 17 में शनिवार को “सी-पेक्स- चंडीगढ़ पेट एक्सपो 2024″ और 76वां ऑल ब्रीड डॉग एंड हॉर्स शो का शुभारंभ हुआ। इस भव्य आयोजन को कैट कंसल्ट द्वारा चंडीगढ़ केनेल क्लब, गुरु अंगद देव पशु चिकित्सा और पशु विज्ञान विश्वविद्यालय (जीएडीवीएएसयू), और स्मॉल एनिमल क्लिनिशियन एसोसिएशन (एसएसीए) के सहयोग से आयोजित किया गया है।
इस कार्यक्रम का उद्घाटन पंजाब सरकार के पशुपालन, डेयरी विकास और मत्स्य पालन मंत्री श्री गुरमीत सिंह खुड़ियां ने किया। उद्घाटन समारोह के दौरान उन्होंने कहा, “आज के दौर में, एकल परिवारों की बढ़ती प्रवृत्ति के कारण पालतू जानवरों का महत्व बढ़ रहा है। यह एक्सपो पालतू जानवरों के कल्याण और उनकी सुरक्षा के लिए एक आदर्श मंच है।”
500 से अधिक कुत्तों ने किया भाग लिया
इस दो दिवसीय कार्यक्रम में 30 नस्लों के 500 से अधिक कुत्ते भाग ले रहे हैं। इन कुत्तों का प्रदर्शन और जजमेंट चार अंतरराष्ट्रीय और चार भारतीय जजों की जूरी द्वारा किया जा रहा है। आयोजकों ने बताया कि इस शो के दौरान कई मजेदार गतिविधियों और प्रतियोगिताओं का आयोजन भी किया गया।
कैट कंसल्ट्स के संस्थापक और सीईओ हरदीप सिंह ने कहा, “यह आयोजन पालतू जानवरों के मालिकों को पशु चिकित्सकों और उद्योग विशेषज्ञों के साथ संवाद का अवसर प्रदान करता है।”
प्रदर्शनी में कई प्रमुख ब्रांड शामिल
चंडीगढ़ पेट एक्सपो 2024 में हिमालय वेलनेस कंपनी, विरबैक एनिमल हेल्थ इंडिया प्राइवेट लिमिटेड, मैनकाइंड कंज्यूमर हेल्थकेयर प्राइवेट लिमिटेड, ड्रूल्स और पेट्स एम्पायर जैसे 50 से अधिक प्रमुख ब्रांडों ने अपने उत्पादों को प्रदर्शित किया। इस कार्यक्रम को पालतू जानवरों के उत्पादों और सेवाओं के प्रचार-प्रसार के लिए एक प्रमुख मंच के रूप में देखा जा रहा है।
शैक्षिक और तकनीकी सत्र का आयोजन
कैट कंसल्ट्स के सीईओ रमिंदर सिंह ने मीडिया से बातचीत करते हुए कहा कि इस आयोजन में पालतू उद्योग नेतृत्व शिखर सम्मेलन और पशु चिकित्सा विशेषज्ञों द्वारा कई तकनीकी और शैक्षिक सत्र आयोजित किए जा रहे हैं। इसके अलावा, यह शो उत्तर भारत के शीर्ष कुत्तों और प्रजनकों को एकत्रित करने का एक बेहतरीन अवसर है।
पालतू जानवरों के प्रति जागरूकता बढ़ाने का प्रयास
इस आयोजन का उद्देश्य पालतू जानवरों और पक्षियों के कल्याण को बढ़ावा देना है। एक्सपो के आयोजकों ने इसे पालतू उद्योग के लिए एक आदर्श मंच बताया, जो पशु कल्याण, प्रजनन, और पालतू जानवरों की देखभाल के प्रति जागरूकता फैलाने में मददगार साबित हो रहा है।
चंडीगढ़ पेट एक्सपो का आयोजन शनिवार और रविवार, सुबह 10 बजे से रात 8 बजे तक जारी रहेगा।






