भारत-यूएई में LPG सप्लाई पर करार, दोनों देशों के बीच ऊर्जा, रक्षा, प्रौद्योगिकी-आर्थिक क्षेत्रों में छह समझौतों पर हस्ताक्षर

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शुक्रवार को एक दिन के संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) दौरे पर पहुंचे। इस दौरान प्रधानमंत्री मोदी और यूएई के राष्ट्रपति शेख मोहम्मद जायेद अल नहयान के बीच द्विपक्षीय बैठक हुई। दोनों देशों के बीच एलपीजी सप्लाई को लेकर अहम समझौता हुआ। दोनों देशों ने रणनीतिक साझेदारी को और मजबूत बनाने के लिए ऊर्जा, रक्षा, समुद्री, प्रौद्योगिकी और आर्थिक क्षेत्रों में छह समझौतों और समझौता ज्ञापनों पर शुक्रवार को हस्ताक्षर किए। अमीरात ने भारत में पांच अरब डॉलर के निवेश की भी घोषणा की है। प्रधानमंत्री की यूएई के राष्ट्रपति शेख मोहम्मद जायेद अल नहयान के साथ यहां द्विपक्षीय वार्ता के बाद इन समझौतों पर हस्ताक्षर किए गए।
इनमें इंडियन स्ट्रैटेजिक पेट्रोलियम रिजव्र्स लिमिटेड और आबुधाबी नेशनल ऑयल कंपनी ने भारत में विशाखापतनम और चांदीकोल में तीन करोड़ बैरल तक कच्चे तेल के भंडारण की संभावनाओं, यूएई के फुजैरा में भंडारण और भारत में एलएनजी तथा एलपीजी भंडारण में सहयोग पर समझौता प्रमुख है। भारत की इंडियन ऑयल लिमिटेड और अमीरात की एडीएनओसी ने एलपीजी आपूर्ति पर रणनीतिक सहयोग पर भी समझौता किया, जिसमें दीर्घकालिक आपूर्ति और खरीद समझौतों की संभावनाओं का पता लगाया जाएगा। रक्षा क्षेत्र में दोनों देशों ने औद्योगिक सहयोग, उन्नत प्रौद्योगिकी, प्रशिक्षण, विशेष संचालन, समुद्री सुरक्षा, साइबर रक्षा और सुरक्षित संचार के लिए ढांचा स्थापित किया, ताकि आपसी सहयोग और रणनीतिक सामंजस्य बढ़ाया जा सके।
प्रधानमंत्री बोले, हर हालात में यूएई संग खड़ा भारत
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने यूएई के राष्ट्रपति मोहम्मद बिन जायद अल नाहयान से बातचीत में कहा कि भारत हर परिस्थिति में यूएई के साथ मजबूती से खड़ा है। पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव के बीच पीएम मोदी ने कहा कि भारत और यूएई के रिश्ते बेहद मजबूत हैं। उन्होंने यूएई को अपना दूसरा घर बताते हुए गर्मजोशी से स्वागत के लिए धन्यवाद दिया।






