दिल्ली ब्लास्ट: DNA रिपोर्ट से पुष्टि — I20 कार में सवार था आतंकी डॉक्टर उमर, जांच में बड़े खुलासे

देश की राजधानी दिल्ली में सोमवार शाम हुए भयानक कार ब्लास्ट को लेकर बड़ा खुलासा हुआ है। जांच एजेंसियों ने पुष्टि की है कि I20 कार चलाने वाला शख्स आतंकी डॉक्टर उमर ही था। DNA रिपोर्ट से इसकी पुष्टि हो चुकी है।
DNA टेस्ट ने खोला राज
जांच एजेंसियों ने डॉ. उमर की मां के DNA सैंपल्स को कार से मिली हड्डियों और दांतों के DNA सैंपल्स से मैच करवाया। सूत्रों के अनुसार, दोनों सैंपल्स पूरी तरह मैच कर गए हैं। यह भी पता चला है कि धमाके के बाद डॉ. उमर का पैर स्टीयरिंग व्हील और एक्सीलेरेटर के बीच फंस गया था, जिससे वह कार से बाहर नहीं निकल सका।
ब्लास्ट से पहले हुई थीं कई गिरफ्तारियां
ब्लास्ट से पहले देशभर के कई इलाकों में पुलिस ने संदिग्धों को गिरफ्तार किया था और भारी मात्रा में विस्फोटक व हथियार बरामद किए थे। ऐसा माना जा रहा है कि इन कार्रवाइयों के बाद उमर डर गया था, और इसी जल्दबाजी में उसने आतंकी घटना को अंजाम दिया।
दो साल से जमा हो रहा था विस्फोटक
फरीदाबाद से गिरफ्तार डॉ. शाहीन शाहिद ने पूछताछ में कबूला है कि वह पिछले दो सालों से विस्फोटक जमा कर रही थी। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, यह पूरे डॉक्टर्स का एक मॉड्यूल था, जो अल फलाह यूनिवर्सिटी, फरीदाबाद से संचालित किया जा रहा था। अब तक 18 से ज्यादा लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है और कई अन्य से पूछताछ जारी है।
घायलों से मिले पीएम मोदी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भूटान दौरे से लौटने के तुरंत बाद LNJP अस्पताल पहुंचकर घायलों से मुलाकात की।
उन्होंने साफ कहा —देश के खिलाफ साजिश करने वालों को किसी भी हालत में बख्शा नहीं जाएगा।
जांच जारी, और गिरफ्तारियों की संभावना
NIA, दिल्ली पुलिस और अन्य केंद्रीय एजेंसियां साझा जांच टीम (Joint Task Force) के तहत पूरे नेटवर्क को खंगाल रही हैं। जांच में इस बात के भी संकेत मिले हैं कि डॉ. उमर के तार विदेशी आतंकी संगठनों से जुड़े हो सकते हैं।
यह भी पढ़ें : –
- ‘दिल्ली ब्लास्ट के पीछे पाकिस्तान’: रवनीत बिट्टू का बड़ा बयान, बोले – यूनिवर्सिटी में माहौल खराब करने पहुंचे बाहरी लोग
- Delhi Red Fort Car Blast Updates: दिल्ली ब्लास्ट पर बड़ा खुलासा, फरीदाबाद पुलिस ने बरामद की लाल कार, पूर्व सरपंच गिरफ्तार






