हरियाणा में 26-27 जुलाई को CET परीक्षा, 9200 बसों से युवाओं को मिलेगी सुविधा
चंडीगढ़, 18 जुलाई – हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा है कि युवाओं की मांग के चलते प्रदेश में दूसरी CET परीक्षा 26 और 27 जुलाई को आयोजित की जा रही है। सरकार ने परीक्षा की पूरी तैयारियां पूरी कर ली हैं। इस बार CET ग्रुप-सी के लिए 13 लाख 87 हजार से अधिक युवाओं ने आवेदन किया है। परीक्षा के दौरान छात्रों को परीक्षा केंद्र तक पहुंचाने और वापस घर छोड़ने के लिए 9200 बसों की व्यवस्था की गई है।
मुख्यमंत्री ने बताया कि बस सुविधा के लिए युवाओं से रजिस्ट्रेशन करवाए जा रहे हैं। हरियाणा रोडवेज की बसों के अलावा प्राइवेट स्कूलों की बसों को भी परीक्षा के लिए तैयार किया गया है। इससे युवाओं और खासकर लड़कियों को अधिक सुविधा मिलेगी। परीक्षा के दौरान लड़कियों के साथ परिवार का एक सदस्य भी फ्री यात्रा कर सकता है, जिससे सुरक्षा सुनिश्चित होगी।
सैनी ने कांग्रेस पर भी निशाना साधा और कहा कि कांग्रेस ने लंबे समय तक भ्रष्टाचार किया है। उन्होंने रॉबर्ट वाड्रा के मामलों का जिक्र करते हुए कहा कि भ्रष्टाचार की गहरी जड़ें कांग्रेस के शासनकाल में पाई जाती हैं।
पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान की सरकार को लेकर उन्होंने कहा कि उनकी सरकार के पीछे कई अन्य ताकतें काम कर रही हैं, जिनके कई कामों की जानकारी खुद मान को नहीं होती।
अमेरिका द्वारा पाकिस्तान समर्थित आतंकवादी संगठन ‘द रेजिस्टेंस फ्रंट’ को वैश्विक आतंकवादी संगठन घोषित किए जाने पर मुख्यमंत्री ने स्वागत किया और कहा कि अन्य देशों को भी ऐसे कदम उठाने चाहिए ताकि आतंकवाद को खत्म किया जा सके।






