हरियाणा में शुरू होगी शहरों की स्वच्छता रैंकिंग, CM सैनी ने दिया ‘टीम हरियाणा’ का आह्वान

चंडीगढ़, 23 अगस्त – हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने प्रदेश को स्वच्छ, सुंदर और हरा-भरा बनाने के लिए एक बड़ा कदम उठाते हुए बताया कि जल्द ही केंद्र के स्वच्छ सर्वेक्षण की तर्ज पर हरियाणा के सभी शहरों की स्वच्छता रैंकिंग शुरू की जाएगी। इस रैंकिंग में श्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले शहरों को सम्मानित किया जाएगा, जिससे स्वच्छता की प्रतिस्पर्धा और भी बढ़ेगी।
मुख्यमंत्री ने पंचकूला में नवनिर्मित स्वर्ण जयंती हरियाणा वित्तीय प्रबंधन संस्थान के उद्घाटन के बाद शहरी स्थानीय निकाय, स्वास्थ्य विभाग समेत विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारियों की बैठक की अध्यक्षता करते हुए इस पहल की घोषणा की। उन्होंने अधिकारियों से ‘टीम हरियाणा’ के रूप में मिलकर कार्य करने और प्रदेश को विकास के नए आयाम पर ले जाने का आह्वान किया।
स्वच्छता पखवाड़ा 17 सितंबर से 2 अक्टूबर तक मनाया जा
एगा
मुख्यमंत्री ने बताया कि 17 सितंबर से 2 अक्टूबर तक पूरे प्रदेश में स्वच्छता पखवाड़ा मनाया जाएगा। इस दौरान आम जनता की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि स्वच्छता से जुड़ी सभी छोटी-छोटी शिकायतों का तुरंत समाधान किया जाए ताकि जनता का विश्वास सरकार पर और मजबूत हो।
बेसहारा पशुओं की समस्या पर कड़ा रुख
मुख्यमंत्री ने बेसहारा पशुओं की समस्या का संज्ञान लेते हुए स्पष्ट कहा कि प्रदेश की सड़कों पर एक भी बेसहारा पशु नहीं दिखना चाहिए। गौवंश को तुरंत गौशालाओं में भेजने की व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी। इसके लिए बजट में अभूतपूर्व वृद्धि की गई है।
बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं का संकल्प
स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए कि अस्पतालों में आने वाले प्रत्येक मरीज को धैर्यपूर्वक सुना जाए और बेहतर चिकित्सा सुविधाएं प्रदान की जाएं। उन्होंने कहा कि हर जिले के अस्पतालों को आधुनिक तकनीकी सुविधाओं जैसे सीटी स्कैन, एमआरआई, डिजिटल एक्स-रे, अल्ट्रासाउंड और टेस्टिंग लैब से लैस किया जा रहा है ताकि नागरिकों को निजी अस्पतालों की ओर जाने की जरूरत न पड़े।
24 अगस्त से प्रदेश में 11 सप्ताह का स्वच्छता अभियान
हरियाणा के शहरी स्थानीय निकाय मंत्री विपुल गोयल ने बताया कि 24 अगस्त से 11 सप्ताह का विशेष स्वच्छता अभियान प्रदेश भर में शुरू हो रहा है। इस अभियान के तहत नगर निगम भवनों, सड़कों, अस्पतालों और अन्य सार्वजनिक स्थानों की सफाई पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। उन्होंने मानसून में जल निकासी व्यवस्था को बेहतर बनाए जाने के लिए अधिकारियों की भी प्रशंसा की।
अधिकारियों को टीम भावना से काम करने का आह्वान
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से आग्रह किया कि वे पूरी निष्ठा, ईमानदारी और टीम भावना के साथ अपने कर्तव्य निभाएं ताकि प्रदेश में सकारात्मक बदलाव लाया जा सके और लोगों का जीवन आसान बनाया जा सके।
इस बैठक में लोक निर्माण मंत्री रणबीर गंगवा, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री आरती सिंह राव, मुख्य सचिव अनुराग रस्तोगी, स्वास्थ्य विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव सुधीर राजपाल, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव अरुण गुप्ता, शहरी स्थानीय निकाय विभाग के आयुक्त एवं सचिव विकास गुप्ता, सूचना जनसंपर्क एवं भाषा विभाग के महानिदेशक के.एम.पांडुरंग सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद थे।






