PM मोदी का कुरुक्षेत्र दौरा: सुरक्षा का महाकवच तैयार! IG पंकज नैन ने रातभर लिया जायजा, ड्रोन पर पूरी तरह बैन

PM Modi Kurukshetra Visit : कुरुक्षेत्र में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दौरे को लेकर सुरक्षा व्यवस्था को बेहद कड़ा कर दिया गया है। गुरु श्री तेग बहादुर जी के 350वें शहीदी दिवस समागम और अंतर्राष्ट्रीय गीता महोत्सव में 25 नवंबर को पीएम मोदी की मौजूदगी तय होते ही पूरा प्रशासन अलर्ट मोड पर आ गया है।
पुलिस महानिरीक्षक (IG) अंबाला मंडल पंकज नैन ने रविवार को सुरक्षा के व्यापक इंतजामों का मौके पर पहुंचकर निरीक्षण किया और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने साफ शब्दों में कहा कि वीवीआईपी आगमन के दौरान किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
दिन–रात दो शिफ्टों में तैनात सुरक्षा बल
प्रधानमंत्री के कार्यक्रमों को ध्यान में रखते हुए विभिन्न जिलों से अतिरिक्त पुलिस बल बुलाया गया है। महिला एवं पुरुष जवानों को ज्योतिसर, पुरुषोत्तमपुरा बाग और समागम स्थल पर तैनात किया गया है। सुरक्षा ड्यूटियां दो शिफ्टों—दिन और रात—में निरंतर जारी रहेंगी।
टॉप अफसरों ने किया संयुक्त निरीक्षण
IG पंकज नैन के साथ कई वरिष्ठ अधिकारियों ने सुरक्षा तैयारियों का बारीकी से निरीक्षण किया, जिनमें शामिल रहे—
डीआईजी सुरेंद्र पाल, अभिषेक जोरवाल, वीरेंद्र विज, एसपी नीतीश अग्रवाल, मोहित हांडा, कमलदीप गोयल,लोकेन्द्र सिंह, भूपेंद्र सिंह, प्रभिना, मनप्रीत सिंह, अमरेन्द्र सिंह एवं तकनीकी विंग से प्रमिला सांगवान।
इन सभी अधिकारियों ने कार्यक्रम स्थलों की सुरक्षा, पार्किंग, प्रवेश–निकास मार्ग और भीड़ प्रबंधन पर फोकस करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
ड्रोन और ग्लाइडर पर पूर्ण प्रतिबंध
प्रधानमंत्री की यात्रा को देखते हुए प्रशासन ने कुरुक्षेत्र शहर में ड्रोन और ग्लाइडर उड़ाने पर पूर्ण पाबंदी लगा दी है। SP कुरुक्षेत्र नीतीश अग्रवाल ने सभी थाना प्रभारियों और ड्यूटी अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि किसी भी प्रकार का निजी या व्यावसायिक ड्रोन उड़ाना सख्त वर्जित रहेगा।
सुरक्षा पूरी तरह चाक-चौबंद
पुलिस ने प्रधानमंत्री के धर्मनगरी दौरे को ध्यान में रखते हुए विशेष रूट प्लान तैयार किया है। भीड़ नियंत्रण, ट्रैफिक मैनेजमेंट और इमरजेंसी रेस्पॉन्स टीमों को हाई अलर्ट पर रखा गया है। अधिकारियों का कहना है कि सभी तैयारियां लगभग पूरी हो चुकी हैं और सुरक्षा व्यवस्था पूरी तरह मजबूत है।
Report – विनोद खुंगार, कुरुक्षेत्र






