अमित शाह के बयान पर आप नेता हरपाल चीमा की कड़ी निंदा, दलित समाज का अपमान करने का आरोप
चंडीगढ़, 20 दिसंबर – आम आदमी पार्टी (आप) पंजाब के वरिष्ठ नेता और वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा ने गृहमंत्री अमित शाह द्वारा संसद में भीमराव अंबेडकर के संबंध में की गई टिप्पणी की कड़ी निंदा की है। उन्होंने आरोप लगाया कि अमित शाह ने बाबा साहब अंबेडकर का नहीं, बल्कि देश के दलित समुदाय का अपमान किया है और यह बयान दलित समाज को नीचा दिखाने की कोशिश है।
हरपाल चीमा ने कहा, “गृह मंत्री ने इस बयान के जरिए ना केवल संविधान निर्माता बाबा साहेब अंबेडकर का मजाक उड़ाया, बल्कि पूरे दलित समाज का अपमान भी किया है। यह बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है कि एक लोकतंत्र के नेता ने इस तरह की असंवेदनशील टिप्पणी की।” उन्होंने कहा कि अमित शाह को तुरंत देश के लोगों से माफी मांगनी चाहिए।
चीमा ने आगे कहा,अमित शाह के इस बयान से देश के दलित समाज के बीच निराशा का माहौल बन गया है और भारतीय जनता पार्टी (भा.ज.पा.) को इस मुद्दे पर स्पष्टता देनी चाहिए और दलित समुदाय से माफी मांगनी चाहिए।” उन्होंने भाजपा पर आरोप लगाते हुए कहा, “भारतीय जनता पार्टी को हमेशा से ही बाबा साहेब भीमराव अंबेडकर और उनके द्वारा बनाए गए संविधान से नफरत रही है, और अब यह बात उनके बयानों के जरिए सामने आ गई है। यह दर्शाता है कि भाजपा देश के संविधान को खत्म करने की कोशिश कर रही है, क्योंकि वह अंबेडकर की विचारधारा से डरती है।”
भाकियू के वरिष्ठ नेता और आप मंत्री ने कहा कि इस घटना ने भारत के लोकतंत्र को भी आघात पहुंचाया है, और यह समय है कि भाजपा अपने नेता (अमित शाह ) के बयान पर माफी मांगे और दलित समाज को सम्मान प्रदान करे।






