“लड़कियां आ-जा न सकें? ये मेरे शहर में नहीं होगा!”—अनिल विज का सख्त एक्शन

Haryana : हरियाणा के ऊर्जा, परिवहन एवं श्रम मंत्री अनिल विज ने अंबाला में एक युवती और उसके परिवार पर हुए हमले के मामले पर बेहद कड़ा रुख अपनाया है। जनसमस्याएं सुनते दौरान पीड़ित परिवार ने जब शिकायत पेश की, तो मंत्री विज ने अंबाला कैंट थाने के एसएचओ को तुरंत तलब कर सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए।
मंत्री विज ने कड़े शब्दों में कहा—“मैं अपने शहर में ये नहीं होने दूंगा। लड़कियां शहर में आ-जा न सके—ये मेरे और तेरे लिए मरना है।”
क्या है मामला?
अंबाला छावनी हाउसिंग बोर्ड निवासी दंपत्ति ने बताया कि उनकी बेटी कोचिंग से लौट रही थी, तभी दो युवकों ने उसका पीछा किया और गाली-गलौच की। युवती ने माता-पिता को फोन पर मौके पर बुलाया।
पुलिस को डायल 112 पर सूचित किया गया, मगर पुलिस के आने से पहले ही युवकों ने परिवार पर हमला कर दिया, जिससे वे घायल हो गए।
अस्पताल में भी घेरने पहुँचे 15 युवक
पीड़ित परिवार के अनुसार, रात को सिविल अस्पताल में मेडिकल करवाने गए तो वहाँ भी करीब 15 युवक जुट गए, जिन्होंने उन्हें गोलियों से उड़ा देने की धमकी दी।
मंत्री विज का एक्शन मोड
शिकायत सुनते ही अनिल विज ने एसएचओ को कड़े शब्दों में निर्देश दिए कि आरोपियों को तुरंत गिरफ्तार किया जाए और मामले में कठोर कार्रवाई की जाए। पुलिस ने इस संबंध में एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।






