Bihar : बिहार में बुजुर्गों के लिए बड़ी राहत, घर बैठे मिलेगी स्वास्थ्य सुविधा

Bihar : बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने राज्य के वरिष्ठ नागरिकों के लिए एक ऐतिहासिक और मानवीय पहल का ऐलान किया है। ‘सात निश्चय-3’ योजना के तहत अब बुजुर्गों को घर पर ही स्वास्थ्य जांच, नर्सिंग केयर और आपातकालीन चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। इस योजना से लाखों वरिष्ठ नागरिकों को अस्पतालों के चक्कर लगाने से राहत मिलेगी।
यह घोषणा सात निश्चय-3 के सातवें निश्चय ‘सबका सम्मान-जीवन आसान’ के अंतर्गत की गई है, जिसका उद्देश्य नागरिकों का जीवन सरल और सम्मानजनक बनाना है।
2005 से न्याय के साथ विकास की नीति
सीएम नीतीश कुमार ने कहा कि वर्ष 2005 से बिहार में न्याय के साथ विकास के सिद्धांत पर काम किया जा रहा है। समाज के हर वर्ग को आगे बढ़ाने और सम्मानपूर्वक जीवन जीने का अवसर दिया गया है।
सोशल मीडिया पर साझा किया विज़न
सीएम नीतीश कुमार ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X (पूर्व ट्विटर) पर पोस्ट करते हुए लिखा—“हमने पूरे बिहार को अपना परिवार माना है और सबके मान-सम्मान का पूरा ख्याल रखा है। अब राज्य के हर वर्ग के लोग सम्मान के साथ आसान जीवन व्यतीत कर सकें, इसके लिए गंभीरता से कार्य शुरू कर दिया गया है।”
2025–2030 का रोडमैप: सात निश्चय-3
मुख्यमंत्री ने बताया कि 2025 से 2030 तक बिहार को देश के सबसे विकसित राज्यों की श्रेणी में लाने के लिए सात निश्चय-3 के कार्यक्रम लागू किए गए हैं। इसका सातवां निश्चय ‘सबका सम्मान-जीवन आसान (Ease of Living)’ नागरिकों की रोजमर्रा की परेशानियों को कम करने पर केंद्रित है।
बुजुर्गों को घर पर मिलेंगी ये स्वास्थ्य सुविधाएं
सात निश्चय-3 के तहत वरिष्ठ नागरिकों को उनके घर पर नर्सिंग सहायता, पैथोलॉजी जांच (ब्लड टेस्ट),ब्लड प्रेशर जांच, ईसीजी (ECG), फिजियोथेरेपी, आपातकालीन चिकित्सा सेवा उपलब्ध कराई जाएगी।
स्वास्थ्य विभाग को दिए सख्त निर्देश
सीएम नीतीश कुमार ने कहा कि इन सेवाओं को प्रभावी रूप से लागू करने के लिए स्वास्थ्य विभाग को तेजी से काम करने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि जरूरतमंद बुजुर्गों को समय पर सहायता मिल सके।
जनता से मांगे गए सुझाव
मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि वरिष्ठ नागरिकों के जीवन को और आसान बनाने के लिए जनता से सुझाव आमंत्रित किए गए हैं। लोग विभिन्न माध्यमों से अपने बहुमूल्य सुझाव सरकार तक पहुंचा सकते हैं।






