चंडीगढ़ में स्वच्छता अभियान: सेक्टर-15 में प्रशासक गुलाब चंद कटारिया ने खुद लगाया झाड़ू

चंडीगढ़,(विनोद शर्मा ) –चंडीगढ़ को स्वच्छता रैंकिंग में देश का नंबर-1 शहर बनाने के लक्ष्य के साथ आज शहरभर में “एक दिन, एक घंटा, एक साथ” स्वच्छता अभियान का आयोजन किया गया। इस पहल के तहत सेक्टर 15 की पटेल मार्केट में एक खास सफाई कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें खुद पंजाब के राज्यपाल व चंडीगढ़ के प्रशासक गुलाब चंद कटारिया ने झाड़ू लगाकर अभियान की अगुवाई की।
जनभागीदारी से बदलेगा चंडीगढ़
कार्यक्रम के दौरान गुलाब चंद कटारिया ने कहा,
“अगर हर नागरिक हफ्ते में सिर्फ दो घंटे भी सफाई के लिए निकाले, तो चंडीगढ़ को स्वच्छता में देशभर में पहला स्थान दिलाया जा सकता है। यह बदलाव तभी आएगा जब जनता खुद आगे बढ़ेगी।”
उन्होंने उपस्थित लोगों को स्वच्छता की शपथ भी दिलाई कि वे अपने घर, मोहल्ले और आस-पास के इलाकों को साफ रखने में योगदान देंगे।
प्रशासनिक व जनप्रतिनिधियों की मजबूत मौजूदगी
इस अभियान में प्रशासक के साथ-साथ कई वरिष्ठ अधिकारी और जनप्रतिनिधि भी शामिल हुए, जिनमें शामिल थे:
-
चीफ सेक्रेटरी राजीव वर्मा
-
होम सेक्रेटरी
-
नगर निगम की मेयर हरप्रीत कौर बबला
-
एरिया पार्षद सौरभ जोशी
-
नगर निगम के सभी प्रमुख अधिकारी
इन सभी ने सक्रिय भागीदारी निभाई और लोगों को स्वच्छता का महत्व समझाया।
स्वच्छता में नंबर वन लाना है हमारा लक्ष्य” – सौरभ जोशी
कार्यक्रम के दौरान पार्षद सौरभ जोशी ने कहा:
“स्वच्छ भारत की शुरुआत हर गली-मोहल्ले से होती है। हम सबका लक्ष्य है कि चंडीगढ़ स्वच्छता में नंबर वन बने, और इसके लिए जनता की भागीदारी सबसे जरूरी है।”
आम लोगों और युवाओं की बढ़ी भागीदारी
पटेल मार्केट में स्थानीय दुकानदारों, स्वयंसेवी संस्थाओं, स्कूल-कॉलेज के छात्रों और रेजिडेंट्स वेलफेयर एसोसिएशनों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। सभी ने आसपास के क्षेत्रों में सफाई की और लोगों को प्लास्टिक से दूरी बनाए रखने की सलाह दी।






