पंचकूला में सीएम सैनी ने बांटे आवास के दस्तावेज, बोले – हर गरीब के सिर पर छत हमारा मिशन

पंचकूला | 4 अगस्त 2025: हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने पंचकूला में आज एक ऐतिहासिक कार्यक्रम में हजारों लाभार्थियों को मुख्यमंत्री शहरी और ग्रामीण आवास योजना के अंतर्गत आवंटन पत्र और दस्तावेज सौंपे। इस अवसर पर सीएम ने कहा, “यह केवल कार्यक्रम नहीं, बल्कि हजारों परिवारों के सपनों के पूरे होने का पर्व है।”
मुख्यमंत्री ने बताया कि ग्रामीण विकास योजना 2.0 के तहत 58 गांवों के 3,884 परिवारों को प्लॉट आवंटन पत्र दिए जा रहे हैं। वहीं, शहरी आवास योजना के लाभार्थियों को अंतरिम मलकीयत प्रमाण पत्र सौंपे गए। सीएम ने मंच से खड़े होकर लाभार्थियों के साथ सेल्फी भी ली और उन्हें उज्जवल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
हर सिर पर छत देने का संकल्प
सीएम सैनी ने कहा कि राज्य सरकार गरीबों के लिए समर्पित है और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में हर सिर पर छत मिशन को मूर्त रूप दिया जा रहा है। उन्होंने दावा किया कि पिछले 11 वर्षों में केंद्र सरकार ने गरीबों को मकान, गैस, पानी और बिजली जैसी बुनियादी सुविधाएं देकर उन्हें सशक्त किया है।
“हमारी सरकार वोट के लिए नहीं, विकास के लिए काम करती है। मकान का दस्तावेज अब आपकी मालकिन बहनों के नाम है।” – सीएम सैनी
PM आवास योजना के आंकड़े
सीएम ने बताया कि:
-
ग्रामीण क्षेत्र में 59,150 मकान गरीबों को सौंपे गए हैं।
-
शहरी क्षेत्र में 77,900 मकान की चाबियां लाभार्थियों को दी गई हैं।
-
कुल मिलाकर 1,47,050 मकान, ₹2,229 करोड़ की लागत से तैयार किए गए हैं।
राहुल गांधी पर सीधा हमला
अपने संबोधन में सीएम ने कांग्रेस सांसद राहुल गांधी पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा, “राहुल गांधी कहते हैं कि खाते तो खुलवा दिए, अब पैसे कौन डालेगा। तीन-तीन पीढ़ी प्रधानमंत्री रही हो और ऐसे सवाल पूछे जाएं, ये शोभा नहीं देता।”
सैनी ने चुनौती दी कि “जनधन खातों की जांच करें, गरीबों ने उनमें अपनी सेविंग जमा की है।”
सोलर योजना और उज्ज्वला का जिक्र
सीएम ने प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना और सोलर पैनल योजना का भी उल्लेख किया। उन्होंने बताया कि हरियाणा में 26 हजार परिवारों की छत पर सोलर पैनल लग चुके हैं और गरीब परिवारों को ₹500 में गैस सिलेंडर उपलब्ध कराए जा रहे हैं।






