यूट्यूबर अरमान मलिक की पत्नी पायल ने मांगी माफी, मां काली के वेश में बनाए वीडियो पर मचा बवाल
हरियाणा के चर्चित यूट्यूबर अरमान मलिक की पत्नी और बिग बॉस OTT सीजन 3 की कंटेस्टेंट पायल मलिक धार्मिक विवादों में फंसने के बाद अब माफी के मूड में नजर आईं। पटियाला के काली माता मंदिर में पहुंचकर उन्होंने सार्वजनिक रूप से माफी मांगते हुए कहा कि उनका इरादा किसी की धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाना नहीं था।
क्या था पूरा मामला?
कुछ समय पहले पायल मलिक ने एक वीडियो सोशल मीडिया पर पोस्ट किया था, जिसमें वह मां काली के वेश में नजर आईं। चेहरे पर काले रंग का मेकअप, सिर पर मुकुट, गले में नींबू की माला और हाथ में त्रिशूल लेकर वह वीडियो में एक सोफे पर बैठी थीं।
वीडियो के वायरल होते ही शिवसेना हिंद के राष्ट्रीय महासचिव दीपांशु सूद ने इसे “अशोभनीय” करार देते हुए 20 जुलाई को मोहाली के जीरकपुर पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराई। उन्होंने पायल पर सनातन धर्म के अपमान और धार्मिक भावनाएं आहत करने का आरोप लगाते हुए आईटी एक्ट की धाराओं के तहत सख्त कार्रवाई की मांग की।

पटियाला मंदिर में पहुंची पायल, मांगी माफी
मंगलवार दोपहर को पायल मलिक अपने पति अरमान मलिक के साथ पटियाला के काली माता मंदिर पहुंचीं। वहां उन्होंने हाथ जोड़कर माफी मांगी और कहा:
“मेरी बेटी मां काली की बड़ी भक्त है। मैंने सिर्फ उसके लिए यह लुक तैयार किया था, लेकिन अब समझ आता है कि मुझसे बहुत बड़ी गलती हो गई। मैंने तीन महीने पहले ही वह वीडियो हटा दी थी। मैं सभी संगठनों और समाज से हाथ जोड़कर माफी मांगती हूं।”
पायल ने ये भी कहा कि कुछ लोगों ने वीडियो को डाउनलोड कर आगे फैलाया, जिससे यह फिर से वायरल हो गया।
कौन हैं अरमान और पायल मलिक?
अरमान मलिक हरियाणा के लोकप्रिय यूट्यूबर हैं, जो अपने दोनों पत्नियों – पायल और कृतिका के साथ मिलकर कंटेंट बनाते हैं। इनकी सोशल मीडिया फॉलोइंग लाखों में है। पायल हाल ही में बिग बॉस OTT सीजन 3 में नजर आई थीं, जहां उनकी पहचान और चर्चा काफी बढ़ गई।






