अंबाला में शरदीय नवरात्रों की धूम, मां अंबिका का खास शृंगार

अंबाला, 22 सितंबर। देशभर में शरदीय नवरात्रों की शुरुआत हो चुकी है। पहले दिन मां शैलपुत्री की पूजा की गई। अंबाला में स्थित प्रसिद्ध मां अंबिका मंदिर में श्रद्धालुओं का जनसैलाब उमड़ा हुआ है। सुबह से ही भक्त माता के दरबार में पहुंचकर पूजा-अर्चना कर रहे हैं।
कोलकाता से आए फूलों से मां का श्रृंगार
इस बार अंबाला के मां अंबिका मंदिर को खास तरीके से सजाया गया है। मंदिर का श्रृंगार कोलकाता से मंगाए गए फूलों से किया गया है। भक्तों का कहना है कि सजावट इतनी भव्य है कि मां अंबिका का रूप देखते ही बन रहा है।
पुजारी बोले – मां पूरी करती हैं हर मनोकामना
मंदिर के पुजारी ने बताया कि शारदीय नवरात्रे में पहले दिन मां शैलपुत्री की पूजा की जाती है। नौ दिनों तक मां दुर्गा के नौ स्वरूपों की आराधना की जाती है और दशहरे के दिन माता अपने घर जाती हैं।
“यहां आने वाले भक्तों की हर मनोकामना मां संपूर्ण करती हैं”, पुजारी ने कहा।
भक्तों में जबरदस्त उत्साह
अंबाला का नाम ही मां अंबिका के नाम पर रखा गया है और नवरात्रों के मौके पर यहां का उत्साह देखते ही बनता है। श्रद्धालुओं ने कहा कि वे पिछले कई सालों से यहां आ रहे हैं और हर बार माता ने उनकी इच्छाएं पूरी की हैं।
सुबह से ही मंदिरों में भक्तों की भीड़ लगी हुई है। पूरे नौ दिनों तक माता की आराधना करने का विशेष महत्व बताया गया है। श्रद्धालु मानते हैं कि नवरात्रों की पूजा से मनवांछित फल प्राप्त होता है।






