हरियाणा

हरियाणा में घर बैठे मिलेगी पशु चिकित्सा सेवा, 30 मिनट में पहुंचेगी मोबाइल वैन

हरियाणा में घर बैठे मिलेगी पशु चिकित्सा सेवा, 30 मिनट में पहुंचेगी मोबाइल वैन

हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने पशुपालकों के लिए बड़ी घोषणा करते हुए कहा कि जल्द ही पशुचिकित्सा विशेषज्ञों और सहायकों से लैस मोबाइल वैन टोल-फ्री नंबर 1962 के माध्यम से घर-घर पशु चिकित्सा सेवाएं प्रदान करेंगी। यह सुविधा प्रतिदिन सुबह 6 बजे से रात 10 बजे तक उपलब्ध रहेगी और कॉल मिलने के 30 मिनट के भीतर मोबाइल पशु चिकित्सा इकाई लाभार्थी के घर पहुंचेगी। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को भविष्य में इस सेवा को 24 घंटे उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए।

मुख्यमंत्री चंडीगढ़ में कृषि, बागवानी, मत्स्य पालन और पशुपालन विभागों की पांच वर्षीय कार्ययोजना और ‘विजन 2047’ रोडमैप की समीक्षा बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे। बैठक में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘विकसित भारत’ विजन के अनुरूप राज्य की भविष्य की रणनीतियों और योजनाओं पर विस्तार से चर्चा की गई।

कृषि एवं किसान कल्याण विभाग ने जानकारी दी कि वर्ष 2026-27 तक लगभग 1.40 लाख एकड़ जलभराव और लवणीय भूमि को सुधारने का लक्ष्य रखा गया है, जबकि 2031 तक ऐसी भूमि का 100 प्रतिशत सुधार करने की योजना है। विभाग हर साल 15 लाख किसानों को मृदा स्वास्थ्य कार्ड जारी करेगा और 1.5 लाख एकड़ भूमि को प्राकृतिक एवं जैविक खेती क्लस्टरों के तहत लाएगा।

राज्य सरकार ने भूजल संरक्षण और जलवायु अनुकूल खेती को बढ़ावा देने के लिए ‘डायरेक्ट सीडेड राइस’ तकनीक के तहत 3 लाख एकड़ भूमि को शामिल करने का लक्ष्य तय किया है। साथ ही पराली जलाने की घटनाओं को रोकने के लिए हर साल 15 हजार फसल अवशेष प्रबंधन मशीनें किसानों में वितरित की जाएंगी।

बैठक में मत्स्य पालन विभाग ने जलीय कृषि उत्पादन बढ़ाने की रणनीति प्रस्तुत की। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को जलभराव वाले क्षेत्रों में झींगा पालन की संभावनाएं तलाशने के निर्देश दिए। वहीं पशुपालन विभाग को राज्य के विभिन्न जिलों में हर वर्ष चार पशु मेले आयोजित करने के निर्देश भी दिए गए।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button