आज की ख़बरधर्म/आस्था

नवरात्र के 9वें दिन मां सिद्धिदात्री को लगाएं काले चने, हलवा और पूड़ी का भोग

नवरात्र के नौवें दिन यानी महानवमी पर मां सिद्धिदात्री की पूजा की जाती है। इस दिन कन्या पूजन का खास महत्व है, जिसमें माता के प्रसाद के रूप में सूजी का हलवा, सूखे काले चने और गरमा-गरम पूड़ियां बनाई जाती हैं। बिना प्याज-लहसुन के बनने वाला यह सात्विक खाना न केवल स्वादिष्ट होता है, बल्कि श्रद्धा और प्रेम से बनाने पर इसका स्वाद दोगुना हो जाता है। आइए जानते हैं इसे बनाने की स्टेप-बाय-स्टेप रेसिपी।

मसालेदार सूखे काले चने
सामग्री-

1 कप काले चने (रात भर भीगे हुए), अदरक का टुकड़ा, हरी मिर्च, जीरा, सेंधा नमक, हल्दी और धनिया पाउडर।

विधि-

भीगे हुए चनों को कुकर में थोड़ा नमक डालकर 4-5 सीटी आने तक उबाल लें।
एक कड़ाही में घी गर्म करें और जीरा, कटी हुई अदरक और हरी मिर्च का तड़का लगाएं।
अब इसमें हल्दी, धनिया पाउडर और थोड़ा सा गरम मसाला डालकर भूनें।
उबले हुए चने डालें और थोड़ा सा चनों का पानी रहने दें ताकि मसाले अच्छे से चिपक जाएं।
ऊपर से हरा धनिया डालकर पानी सूखने तक पकाएं।

दानेदार सूजी का हलवा
सामग्री-

1कप सूजी, 1 कप चीनी, 1/2 कप घी, 3 कप पानी, इलायची पाउडर और ड्राई फ्रूट्स।

विधि-

सबसे पहले पानी और चीनी को मिलाकर एक बर्तन में गर्म करें। सिर्फ चीनी घोलनी है। इसकी चाशनी नहीं बनानी।
कड़ाही में घी गर्म करें और सूजी को धीमी आंच पर सुनहरा भूरा होने तक भूनें।
जब सूजी से अच्छी खुशबू आने लगे, तो धीरे-धीरे चीनी वाला पानी डालें और लगातार चलाते रहें ताकि गांठें न पड़ें।
हलवे को तब तक पकाएं जब तक वह कड़ाही के किनारे न छोड़ने लगे। लास्ट में इलायची पाउडर और भुने हुए मेवे डालकर सजाएं।

फूली हुई नरम पूड़ियां
सामग्री-

2 कप गेहूं का आटा, 1 चम्मच तेल/घी, थोड़ा सा नमक (ऑप्शनल) और तलने के लिए तेल।

विधि-

आटे में थोड़ा सा घी डालकर सख्त आटा गूंथ लें। इसे 15-20 मिनट के लिए ढककर रख दें।
छोटी-छोटी लोइयां बनाकर पूरी के आकार में बेल लें।
कड़ाही में तेल तेज गर्म करें। पूरियों को मध्यम-तेज आंच पर तलें ताकि वे गुब्बारे की तरह फूलें और नरम रहें।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button