Elvish Yadav के घर पर फायरिंग, गैंगस्टर बोला – “जुए का प्रमोशन करोगे तो गोली मिलेगी”

Elvish Yadav: मशहूर यूट्यूबर और बिग बॉस ओटीटी 2 के विजेता एल्विस यादव एक बार फिर चर्चा में हैं, लेकिन इस बार वजह बेहद चौंकाने वाली है। गुरुग्राम के पॉश सेक्टर-56 इलाके में उनके घर पर शनिवार सुबह अज्ञात हमलावरों ने अंधाधुंध फायरिंग कर दहशत फैला दी।
क्या हुआ गुरुग्राम में?
सुबह करीब 5:30 बजे एक बाइक पर सवार तीन बदमाश आए। दो हमलावरों ने एल्विस यादव के घर पर ताबड़तोड़ गोलियां बरसाईं और फरार हो गए। हमले के वक्त एल्विस घर पर मौजूद नहीं थे। परिवार के कुछ सदस्य और केयरटेकर घर में थे, लेकिन गनीमत रही कि किसी को चोट नहीं आई।
गोलियां घर के ग्राउंड और फर्स्ट फ्लोर पर लगीं, जबकि परिवार ऊपरी मंजिल पर रहता है।
पिता ने क्या कहा?
एल्विस यादव के पिता रामअवतार यादव ने बताया,”मैं सो रहा था तभी गोलियों की आवाज आई। करीब 25-30 राउंड फायरिंग हुई। सीसीटीवी में तीन लोगों की तस्वीरें साफ दिख रही हैं। हमें पहले से कोई धमकी नहीं मिली थी।”
पुलिस मौके पर पहुंची और सबूत इकट्ठा कर रही है। आसपास के सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं।
गैंगस्टर ने ली जिम्मेदारी
हमले के कुछ ही देर बाद विदेश में बैठे गैंगस्टर हिमांशु भाऊ और नीरज फरीदपुरिया ने इस फायरिंग की जिम्मेदारी ली।
गैंग के सदस्य राव इंद्रजीत यादव ने सोशल मीडिया पर पोस्ट डालकर लिखा –
“जुए का प्रमोशन करोगे तो गोली मिलेगी। जो भी जुए को बढ़ावा देगा, उसे या तो कॉल आएगी या फिर गोली।”
हालांकि, इस पोस्ट की प्रामाणिकता की पुलिस अभी पुष्टि नहीं कर पाई है।
हिमांशु भाऊ गैंग का इतिहास
यह पहली बार नहीं है जब इस गैंग का नाम सामने आया है। पिछले महीने हरियाणवी सिंगर फाजिलपुरिया की कार पर भी फायरिंग हुई थी। उससे पहले उनके एक करीबी दोस्त की दिनदहाड़े हत्या कर दी गई थी।
एल्विस यादव और विवाद
एल्विस यादव का नाम इससे पहले भी विवादों में रह चुका है। पिछले साल उन्हें सांप के जहर वाली रेव पार्टी केस में गिरफ्तार किया गया था। इस मामले में ED भी मनी लॉन्ड्रिंग के एंगल से जांच कर रही है।






