कंगना रनोट का बयान वायरल: “मुख्यमंत्री के काम मुझे न बताएं”, बुजुर्ग बोले- आपके पास पावर है
हिमाचल प्रदेश | 14 जुलाई 2025 : भाजपा सांसद और अभिनेत्री कंगना रनोट एक बार फिर सुर्खियों में हैं, इस बार कुल्लू जिले के बंजार क्षेत्र में एक बुजुर्ग के साथ बातचीत को लेकर। मंडी से सांसद बनीं कंगना के दौरे के दौरान जब एक बुजुर्ग व्यक्ति पार्वती परियोजना से जुड़ी समस्या लेकर उनके पास पहुंचा, तो कंगना ने साफ कहा –
“मुख्यमंत्री के काम मुझे क्यों बताए जा रहे हैं? ये सुक्खू जी का काम है। मुझे मुख्यमंत्री के काम न बताएं।”
बुजुर्ग बोले- आपके पास पावर है, आप कानून बना सकती हैं
इस पर बुजुर्ग ने कहा –
“आपके पास पावर है, आप कानून बना सकती हैं, प्रधानमंत्री से बात कर सकती हैं।”
हालांकि बातचीत में थोड़ी तल्ख़ी आई, लेकिन जब सुरक्षाकर्मी ने बुजुर्ग को हटाने की कोशिश की, तो कंगना ने हस्तक्षेप कर उसे रोका और आखिर में कहा –
“मैं आपको केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल खट्टर से मिलवा दूंगी।”
मंडी में महिला बोलीं- “अब सिर्फ फोटो खिंचवाने आई हो?”
कंगना रनोट इससे पहले भी जनता के सवालों का सामना कर चुकी हैं।
6 जुलाई को मंडी जिले के सराज इलाके में बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों के दौरे के दौरान एक महिला ने उन्हें घेर लिया और कहा –
“अब सिर्फ फोटो खिंचाने आई हो क्या? दो आदमी पकड़ो, फोटो खिंचाओ और निकल जाओ – ऐसा नहीं चलेगा।”
कंगना ने जवाब दिया –
“मेरे पास कोई कैबिनेट नहीं है, मैं अकेले दो भाइयों के साथ घूमती हूं। मेरे पास कोई राहत कोष नहीं आता। मैं फंड लाऊंगी, लेकिन कांग्रेस सरकार उसे खा जाएगी।”
इंटरव्यू में जताई नाराजगी: “राजनीति में मजा नहीं आ रहा”
हाल ही में एक टीवी इंटरव्यू में कंगना ने राजनीति से अपनी निराशा जाहिर की। उन्होंने कहा –
“लोग टूटी सड़कों और नालियों की शिकायतें लेकर आते हैं, जबकि मेरा बैकग्राउंड सोशल वर्क का नहीं है। राजनीति एक महंगा शौक है। ईमानदारी से सांसद बनकर कोई कमाई नहीं होती।”






