UP: गोंडा में मंदिर जा रहे श्रद्धालुओं की गाड़ी नहर में डूबी,11 की मौत, CM योगी ने जताया शोक, 5 लाख मुआवजा

गोंडा, उत्तर प्रदेश | 3 अगस्त 2025 : उत्तर प्रदेश के गोंडा ज़िले में रविवार को एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई, जिसने पूरे क्षेत्र को शोक में डुबो दिया। इटियाथोक थाना क्षेत्र के बेलवा बहुता मजरा रेहरा के पास एक बोलेरो गाड़ी अनियंत्रित होकर सरयू नहर में गिर गई, जिससे 11 श्रद्धालुओं की मौके पर ही मौत हो गई, जिनमें 9 लोग एक ही परिवार के थे।
मंदिर दर्शन के लिए निकले थे श्रद्धालु, नहर में समा गई बोलेरो
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, मोतीगंज थाना क्षेत्र के सीहागांव गांव से श्रद्धालुओं का एक समूह बोलेरो में सवार होकर खरगूपुर के प्रसिद्ध पृथ्वीनाथ मंदिर में जल चढ़ाने जा रहा था। जैसे ही गाड़ी बेलवा बहुता मजरा रेहरा के पास पहुंची, चालक ने वाहन पर से नियंत्रण खो दिया और बोलेरो सीधे सरयू नहर में जा गिरी।
बोलेरो में सवार थे 15 लोग, 4 की हालत गंभीर
बोलेरो में कुल 15 लोग सवार थे, जिनमें महिलाएं और बच्चे भी शामिल थे। 11 लोगों की मौत घटनास्थल पर ही हो गई, जबकि 4 लोगों को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हादसे की जानकारी मिलते ही इटियाथोक थाना पुलिस और ग्रामीण मौके पर पहुंचे और बचाव कार्य शुरू किया।
गांव में पसरा मातम, पूरे क्षेत्र में शोक की लहर
मृतकों की पहचान होते ही सीहागांव गांव में मातम का माहौल बन गया। एक ही परिवार के 9 सदस्य एक साथ काल के गाल में समा गए, जिसने पूरे गांव को झकझोर कर रख दिया है। ग्रामीणों और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जताया शोक, 5 लाख की सहायता का ऐलान
हादसे की जानकारी मिलते ही मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गहरा शोक जताया और मृतकों के परिजनों को 5 लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है। साथ ही अधिकारियों को निर्देश दिए कि घायलों का तुरंत इलाज सुनिश्चित किया जाए और पीड़ित परिवारों को हरसंभव मदद पहुंचाई जाए।






