ट्रंप से उठा भारतीयों का भरोसा, पुतिन पहली पसंद, रेटिंग में रिकॉर्ड गिरावट, दुनिया के टॉप फाइव नेताओं की लिस्ट जारी

भारतीयों के बीच अमरीकी राष्ट्रपति पर भरोसा कमजोर हुआ है। ताजा सर्वे से पता चलता है कि भारतीयों का अमरीकी सरकार पर भरोसा इस समय पिछले 25 सालों में सबसे कम है। वहीं, अमरीका के बारे में नकारात्मक राय रिकॉर्ड ऊंचाई पर पहुंच गई है। भारतीयों ने विदेशी नेताओं में सबसे ज्यादा रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन को पसंद किया है। दुनियाभर में भी अमरीकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के बारे में लोगों की राय बहुत अच्छी नहीं है। प्यू रिसर्च सेंटर के साल 2026 के ग्लोबल ओपिनियन सर्वे के पुराने डेटा के मुताबिक, भारतीय दुनिया के दूसरे बड़े नेताओं की तुलना में रूस के पुतिन पर ज्यादा भरोसा करते हैं। व्लादिमीर पुतिन पर 51 फीसदी लोगों ने भरोसा जताया है।
इसके बाद डोनाल्ड ट्रंप 39 फीसदी, इजरायली पीएम बेंजामिन नेतन्याहू 34 फीसदी, फ्रांसीसी प्रेसिडेंट इमैनुएल मैक्रों 33 फीसदी, यूके्रन के राष्ट्रपति वोलोडिमिर जेलेंस्की 29 फीसदी और शी जिनपिंग छठें नंबर पर 25 फीसदी लोगों के भरोसेमंद हैं। 2026 के डेटा के अनुसार, भारतीय लोगों को ट्रंप के ग्लोबल टैरिफ के इस्तेमाल, वेनेजुएला और ईरान से जुड़े विवादों को संभालने के तरीके और सख्त इमिग्रेशन नीतियां पसंद नहीं आई हैं। कई देशों में पिछले साल के मुकाबले ट्रंप पर भरोसा कम हुआ है। अमरीका के लिए कुल मिलाकर रेटिंग नकारात्मक रही है।
अमरीका पर बदली भारतीयों की राय
प्यू के सर्वे से पता चलता है कि 45 फीसदी भारतीय अमरीका के बारे में सकारात्मक राय रखते हैं जबकि 31 फीसदी की राय नकारात्मक है। यह पिछले 25 सालों में सबसे ज्यादा नकारात्मक रेटिंग है। सिर्फ 39 फीसदी भारतीयों को भरोसा है कि डोनाल्ड ट्रंप वैश्विक मामलों में सही कदम उठाएंगे, जो 25 साल में किसी अमरीकी राष्ट्रपति पर भरोसे की सबसे कम रेटिंग है। ये आंकड़े पिछले साल की तुलना में बहुत बड़ा बदलाव दिखाते हैं। पिछले साल अमेरिका के प्रति सकारात्मक राय 54 फीसदी और नकारात्मक राय 19 फीसदी थी, जबकि ट्रंप पर भरोसा 52 फीसदी था। मौजूदा आंकड़े उन सबसे कम रेटिंग्स में से हैं, जो अमरीका और उसके राष्ट्रपति को भारतीय लोगों से मिली हैं। प्यू ने 2002 में अमरीका के प्रति वैश्विक जनमत पर सर्वे शुरू किया था।
दुनिया भर में घटा अमरीका का भरोसा
36 देशों के औसत के अनुसार, 35 फीसदी लोगों का कहना है कि अमरीका दुनियाभर में शांति और स्थिरता बनाए रखने में योगदान देता है। 2023 के बाद से कई देशों में ऐसा सोचने वाले लोगों की संख्या में काफी कमी आई है। अमेरिका के व्यक्तिगत आजादी का सम्मान किए जाने के बारे में लोगों की राय भी नकारात्मक हुई है।






