कुरुक्षेत्र में विजिलेंस का बड़ा एक्शन: ₹3.90 लाख की रिश्वत लेते JE सौरव राणा रंगे हाथों गिरफ्तार

कुरुक्षेत्र, 1 अगस्त 2025(विनोद खूंगर): हरियाणा में भ्रष्टाचार के खिलाफ जारी मुहिम के तहत आज कुरुक्षेत्र और कैथल विजिलेंस टीम ने एक बड़ी सफलता हासिल की। इरिगेशन विभाग (सिंचाई विभाग) के जूनियर इंजीनियर (JE) सौरव राणा को ₹3.90 लाख की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तारी कुरुक्षेत्र लघु सचिवालय के पास हुई, जहां विजिलेंस टीम ने सटीक योजना बनाकर आरोपी को पकड़ने में सफलता पाई।
शिकायत से कार्रवाई तक: कैसे हुआ खुलासा?
विजिलेंस अधिकारी महेंद्र सिंह ने जानकारी दी कि उन्हें एक शिकायतकर्ता की कॉल के माध्यम से इस भ्रष्टाचार की सूचना मिली थी।
शिकायतकर्ता के अनुसार, JE सौरव राणा ने बिल पास करने की एवज में ₹15 लाख की रिश्वत की मांग की थी। बाद में सौदा ₹13 लाख में तय हुआ, जिसमें से आरोपी पहले ₹3 लाख ले चुका था।
शिकायतकर्ता जब दूसरी किस्त के रूप में ₹3,90,000 देने पहुंचा, तो विजिलेंस टीम ने मौके पर ही आरोपी को रिश्वत लेते रंगे हाथों पकड़ लिया।
अब तक कुल ₹6.90 लाख की रिश्वत ले चुका था JE
रिश्वत की यह रकम किसी निजी कार्य के लिए नहीं, बल्कि सरकारी बिल पास कराने के लिए मांगी गई थी। विजिलेंस अब यह भी जांच कर रही है कि कहीं और कितने मामलों में जेई सौरव राणा ने ऐसी अवैध वसूली की है।
संयुक्त टीम का ऑपरेशन
इस कार्रवाई में कैथल और कुरुक्षेत्र विजिलेंस यूनिट की संयुक्त टीम शामिल थी। टीम ने गुप्त निगरानी रखी और जब आरोपी ने रुपये स्वीकार किए, उसी समय उसे गिरफ्तार कर लिया गया।






