Punjab Court Complex Murder: दिनदहाड़े ताबड़तोड़ फायरिंग, गैंगवार में युवक की हत्या

Punjab Court Complex Murder: Abohar (Punjab): पंजाब के फाजिल्का जिले में मंगलवार दोपहर उस समय हड़कंप मच गया जब अबोहर तहसील कोर्ट कॉम्प्लेक्स में पेशी पर आए युवक आकाश उर्फ गोलू पंडित की दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या कर दी गई। पार्किंग इलाके में अचानक हुई ताबड़तोड़ फायरिंग से पूरे परिसर में भगदड़ मच गई।
कैसे हुआ हमला?
पुलिस के अनुसार, गोलू पंडित अपने साथियों सोनू और एक अन्य व्यक्ति के साथ आर्म्स एक्ट केस में पेशी पर आया था। जैसे ही वह कोर्ट परिसर की पार्किंग में पहुंचा, पहले से घात लगाए बैठे तीन हमलावरों ने सफेद कार से उतरकर उस पर गोलियां बरसा दीं।
6 राउंड फायरिंग
SSP फाजिल्का गुरमीत सिंह के मुताबिक हमलावर तीन थे,लेकिन फायरिंग एक ही हमलावर ने की,कुल 6 राउंड फायरिंग हुई,गोली लगने के बाद गंभीर रूप से घायल गोलू पंडित को अस्पताल ले जाया गया, जहां उसकी मौत हो गई।
गैंगवार की पुष्टि
पुलिस ने प्रारंभिक जांच में घटना को दो गैंगों की पुरानी दुश्मनी से जुड़ा बताया है। कोर्ट परिसर में CCTV फुटेज खंगाले जा रहे हैं और फरार हमलावरों की धर-पकड़ के लिए कई टीमें गठित कर दी गई हैं।
पुलिस ने कहा — “हमलावरों की तलाश जारी”
SSP ने आश्वासन दिया कि जल्द ही अपराधियों को पकड़ लिया जाएगा। पूरे क्षेत्र में नाकाबंदी कर दी गई है और संभावित ठिकानों पर रेड की जा रही है।






