जो हो रहा है उसे माफ़ नहीं किया जा सकता’ — धर्मेंद्र की झूठी खबरों पर फूटा हेमा मालिनी का गुस्सा, अस्पताल में इलाज जारी

हिंदी सिनेमा के ‘हीमैन’ धर्मेंद्र इस समय मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्पताल में भर्ती हैं। डॉक्टरों की एक टीम लगातार उनकी हालत की निगरानी कर रही है। बताया जा रहा है कि उन्हें सांस लेने में तकलीफ और निमोनिया के कारण लगभग तीन हफ्ते पहले अस्पताल में एडमिट कराया गया था।
खबरों के मुताबिक धर्मेंद्र को उनकी उम्र और स्वास्थ्य को देखते हुए शुरू से ही आईसीयू में रखा गया है, जहां वे डॉक्टरों की निगरानी में हैं।
‘धर्मेंद्र के निधन’ की झूठी खबरों पर भड़कीं पत्नी हेमा मालिनी
मंगलवार को सोशल मीडिया पर धर्मेंद्र के निधन से जुड़ी फर्जी खबरें फैलने लगीं, जिसके बाद परिवार ने कड़ा रुख अपनाया।
हेमा मालिनी ने ‘X’ पर लिखा —जो हो रहा है उसे माफ़ नहीं किया जा सकता! ज़िम्मेदार चैनल ऐसे व्यक्ति के बारे में झूठी ख़बर कैसे फ़ैला सकते हैं जिस पर इलाज का असर दिख रहा है और वह ठीक हो रहा है? यह बेहद अपमानजनक और गैर-जिम्मेदाराना है। कृपया परिवार और उसकी प्राइवेसी का सम्मान करें।
ईशा देओल ने भी जताई नाराज़गी — ‘मीडिया जल्दबाज़ी में है’
धर्मेंद्र की बेटी ईशा देओल ने इंस्टाग्राम पर पोस्ट कर लिखा —मीडिया जल्दबाज़ी में है और ग़लत ख़बरें चला रहा है। मेरे पिता की हालत स्थिर है और वो रिकवर कर रहे हैं। पापा की अच्छी सेहत के लिए आपकी प्रार्थनाओं का धन्यवाद।
परिवार ने मीडिया से झूठी खबरें न फैलाने और प्राइवेसी का सम्मान करने की अपील की है।
सलमान खान, गोविंदा समेत कई सितारे अस्पताल पहुंचे
धर्मेंद्र के प्रशंसकों और फिल्मी जगत में उनके चाहने वालों में चिंता का माहौल है।
जानकारी के अनुसार —
-
सलमान खान सोमवार देर रात ब्रीच कैंडी अस्पताल पहुंचे और धर्मेंद्र का हाल जाना।
-
गोविंदा भी देर रात अस्पताल पहुंचे थे।
-
सनी देओल सुबह से दोपहर तक अस्पताल में मौजूद रहे और शाम को फिर लौटे।
-
हेमा मालिनी को भी अस्पताल में देखा गया, कुछ देर रुकने के बाद वे बाहर निकल गईं।
अब तक अस्पताल या डॉक्टरों की ओर से कोई आधिकारिक हेल्थ बुलेटिन जारी नहीं किया गया है, लेकिन परिवार के करीबी सूत्रों का कहना है कि धर्मेंद्र की तबीयत में सुधार हो रहा है।






