अमरनाथ यात्रा को लेकर सरकार अलर्ट, आर्मी चीफ, एनएसए और गृह सचिव के साथ शाह की हाई लेवल मीटिंग

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने शुक्रवार को नई दिल्ली में एक उच्च स्तरीय मीटिंग की। बैठक में राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार (एनएसए) अजीत डोभाल, जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा, सेना प्रमुख उपेंद्र द्विवेदी और केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल के महानिदेशक जीपी सिंह मौजूद रहे। मीटिंग में आने वाली श्री अमरनाथ यात्रा की तैयारियों की समीक्षा की गई। इस मीटिंग में सुरक्षा इंतजामों, लॉजिस्टिकल प्लानिंग और अलग-अलग एजेंसियों के बीच तालमेल पर बातचीत हुई।
इन एजेंसियों में जम्मू-कश्मीर में तैनात केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल, कानून लागू करने वाली एजेंसियां और पुलिस शामिल हैं। मीटिंग का मकसद यात्रा का सुचारू और सुरक्षित संचालन सुनिश्चित करना है। अधिकारियों का कहना है कि इस समीक्षा में सुरक्षा बलों की तैनाती की रणनीतियों, निगरानी तंत्र और आपातकालीन प्रतिक्रिया प्रणालियों का आकलन किया गया, क्योंकि यह क्षेत्र संवेदनशील है। मीटिंग का मकसद यह सुनिश्चित करना है कि तीर्थयात्री सुरक्षित माहौल में और कम से कम रुकावट के साथ यात्रा कर सकें।






