डेराबस्सी में फर्जी वोटों पर विवाद, कांग्रेस नेता उदयवीर ने राज्य चुनाव आयोग से की शिकायत, मांगी कार्रवाई

डेराबस्सी
नगर निकाय चुनावों से पहले क्षेत्र में राजनीतिक माहौल लगातार गर्माता जा रहा है। इसी बीच फर्जी वोटों और मतदाता सूचियों में गड़बड़ी के गंभीर आरोप सामने आए हैंए जिससे लोकतंत्र की पारदर्शिता और निष्पक्षता पर सवाल खड़े हो गए हैं। नगर परिषद जीरकपुरए डेराबस्सी और लालड़ू के विभिन्न वार्डों में कथित तौर पर बड़े पैमाने पर गलत तरीके से मतदाताओं के नाम जोड़े जाने और असली मतदाताओं के नाम काटे जाने की शिकायतें मिल रही हैं। इस गंभीर मुद्दे को लेकर आज कांग्रेस पार्टी के युवा नेता और जीरकपुर नगर परिषद के पूर्व प्रधान उदयवीर सिंह ढिल्लों ने पंजाब राज्य चुनाव आयोग को एक विस्तृत ज्ञापन सौंपा। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार के इशारे पर कुछ अधिकारी चुनाव प्रक्रिया को प्रभावित करने की कोशिश कर रहे हैं।
उनका कहना है कि फर्जी वोटों के जरिए चुनाव परिणामों को प्रभावित करने की साजिश रची जा रही है, जो लोकतंत्र के लिए बेहद खतरनाक संकेत है। उदयवीर सिंह ढिल्लों ने अपने ज्ञापन में बताया कि कई वार्डों में एक ही पते पर असामान्य रूप से अधिक मतदाता दर्ज किए गए हैं। जबकि कई वास्तविक निवासियों के नाम मतदाता सूची से गायब हैं। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि कुछ मतदाताओं के नाम बिना किसी उचित जांच के एक वार्ड से दूसरे वार्ड में स्थानांतरित कर दिए गए हैं, जिससे चुनाव प्रक्रिया की निष्पक्षता पर सवाल उठते हैं। उन्होंने राज्य चुनाव आयोग से मांग की है कि इस पूरे मामले की तुरंत जांच करवाई जाए और दोषी अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। साथ ही, चुनाव से पहले मतदाता सूचियों की पूरी तरह से पुन: जांच कर उन्हें दुरुस्त किया जाए।



