आज की ख़बरदेश विदेश

दिल्ली हवाई अड्डे पर तेज आंधी में एयर इंडिया के तीन विमान क्षतिग्रस्त, जांच जारी

नई दिल्ली। राष्ट्रीय राजधानी के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर रविवार शाम तेज आंधी-बारिश के बीच एयर इंडिया के तीन विमानों को हुए नुकसान की जांच नागर विमानन महानिदेशालय (डीजीसीए) ने शुरू कर दी है। डीजीसीए ने सोमवार को एक बयान में बताया कि कल हुई इस घटना में दिल्ली एयरपोर्ट के टर्मिनल-2 पर पार्क एयर इंडिया के तीन ए320 विमानों को नुकसान पहुंचा है। विमानों को ग्राउंड उपकरण और हवा के साथ उड़कर आयी किसी चीज के टकराने से नुकसान हुआ है। उसने बताया कि घटना शाम 4.30 बजे के आसपास की है।

नागर विमानन नियामक के अनुसार, तेज हवाओं के कारण बगल से स्टैंड में रखे दो ग्राउंड उपकरण अपने स्थान से चलने लगे और दो अलग-अलग विमानों से टकरा गये जिससे उन्हें नुकसान पहुंचा है। इसके अलावा, एक अन्य विमान की दाहिनी तरफ की स्लाइडिंग खिड़की से हवा में उड़कर आयी कोई अवांछित वस्तु टकराने से उसे भी नुकसान हुआ है।

हवाई अड्डे पर कल शाम अचानक मौसम बदल गया था और भारी बारिश के साथ तेज आंधी चलने लगी थी। सूत्रों ने बताया कि इस दौरान टर्मिनल-2 के ‘बे’ में इंडिगो की ग्राउंड हैंडलिंग टीम की लोहे की सीढ़ी (स्टेप लैडर) तेज हवाओं के साथ खुद-ब-खुद आगे बढ़ने लगी और इससे पहले कि उसे काबू किया जाता, एयर इंडिया के विमानों से टकरा गयी। इस घटना का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।

स्टेप लैडर में पहिये लगे होते हैं और उस समय उसके पहिये लॉक किये गये थे या नहीं, यह जांच का विषय है। सूत्रों ने बताया कि आंधी-बारिश के बारे में मौसम विभाग की ओर से कोई चेतावनी नहीं थी। यह बेहद स्थानीय मौसमी घटना थी और आसपास के इलाके में मौसम शांत था। डीजीसीए के बयान में कहा गया है कि तीनों क्षतिग्रस्त विमानों को जांच और मरम्मत के लिए सेवा से बाहर कर दिया गया है। मामले की आगे जांच की जा रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button