आज की ख़बरदेश विदेश

वृंदावन नाव हादसा: दो शव मिलने से मृतकों की संख्या बढ़कर 13 हुई, तीन लोग अभी भी लापता

मथुरा। उत्तर प्रदेश में मथुरा जिले के वृंदावन क्षेत्र में यमुना नदी में हुए भीषण नाव हादसे के बाद रेस्क्यू ऑपरेशन के तीसरे दिन रविवार को दो और शव बरामद होने के बाद मृतकों की संख्या बढ़कर 13 हो गई है। प्रशासन और बचाव दल अब भी तीन लापता लोगों की तलाश में जुटे हैं। रविवार सुबह पंजाब के लुधियाना निवासी बीए अंतिम वर्ष की छात्रा डिंकी तथा जगराओं निवासी ऋषभ शर्मा के शव बरामद किए गए। दोनों शव नदी में ऊपर आने के बाद रस्सी के सहारे बाहर निकाले गए। परिजनों ने भावुक माहौल में उनकी पहचान की।

इससे पहले शनिवार को मानिक टंडन नामक युवक का शव मिला था, जिसकी सितंबर में शादी तय थी। बचाव कार्य को तेज करते हुए प्रशासन ने सर्च ऑपरेशन का दायरा 14 किलोमीटर से बढ़ाकर 20 किलोमीटर कर दिया है। मौके पर सेना, एनडीआरएफ और एसडीआरएफ के करीब 250 जवान आधुनिक उपकरणों के साथ तैनात हैं। यह दर्दनाक हादसा शुक्रवार दोपहर करीब तीन बजे केसी घाट के पास हुआ था। एक छोटी नाव में क्षमता से अधिक 38 श्रद्धालु सवार थे। संतुलन बिगड़ने से नाव पलट गई और कई लोग यमुना में डूब गए।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button