देश विदेश

हवाई यात्रियों की संख्या मई में 9% बढ़कर 1.53 करोड़ के रिकॉर्ड स्तर पर

नई दिल्ली। घरेलू विमान सेवा कंपनियों की उड़ानों में यात्रियों की संख्या मई में नौ प्रतिशत से ज्यादा बढ़कर 1.53 करोड़ के रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गई। नागर विमानन महानिदेशालय (डीजीसीए) द्वारा मंगलवार को जारी आंकड़ों के अनुसार, मई में घरेलू एयरलाइंस की उड़ानों में एक करोड़ 53 लाख 90 हजार यात्रियों ने सफर किया। यह संख्या पिछले साल मई की तुलना में 9.49 फीसदी अधिक है। यह अब तक किसी एक महीने में यात्रियों की सबसे अधिक संख्या है। इससे पहले जनवरी में एक करोड़ 52 लाख 49 हजार लोगों ने हवाई यात्रा की थी।

मौजूदा कैलेंडर वर्ष के पहले पांच महीने में जनवरी से मई तक कुल यात्रियों की संख्या 1.91 प्रतिशत की वृद्धि के साथ सात करोड़ 29 लाख 40 हजार हो गयी है। पश्चिम एशिया संकट के बीच मार्च और अप्रैल के कमजोर आंकड़ों के कारण यह वृद्धि दर कम रही है। आंकड़ों के मुताबिक, यात्री संख्या के लिहाज से मई में इंडिगो की बाजार हिस्सेदारी 65 प्रतिशत से घटकर 64.9 प्रतिशत रह गयी। एयर इंडिया समूह (एयर इंडिया और एयर इंडिया एक्सप्रेस) की बाजार हिस्सेदारी 24.7 प्रतिशत से बढ़कर 25.6 प्रतिशत पर पहुंच गयी। स्पाइसजेट को हुए नुकसान का फायदा एयर इंडिया समूह को मिला है। स्पाइसजेट की हिस्सेदारी 3.4 फीसदी से घटकर 2.5 फीसदी रह गयी। अकासा एयर की बाजार हिस्सेदारी 5.8 प्रतिशत पर स्थिर रही।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button