अमरीकी सेना ने होर्मुज में एंट्री की तो बनाएंगे निशाना, ईरान की बड़ी चेतावनी

ईरानी सेना ने अमरीकी को चेतावनी दी है कि उसकी सेना होर्मुज जलडमरूमध्य में दाखिल होने की कोशिश न करे। यह चेतावनी अमरीकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के उस ऐलान के बाद आई है जिसमें उन्होंने जलमार्ग से जहाजों को सुरक्षित निकालने के लिए ‘प्रोजेक्ट फ्रीडम’ अभियान शुरू करने की बात कही है। अमरीकी सेना ने साफ किया है कि यह कोई औपचारिक ‘एस्कॉर्ट मिशन’ नहीं है। इस ‘प्रोजेक्ट फ्रीडम’ को सफल बनाने के लिए गाइडेड मिसाइल, 100 से अधिक विमान, ड्रोन प्लेटफॉर्म और 15,000 सैनिकों की मदद ली जाएगी।
जवाब में ईरान के सशस्त्र बलों की एकीकृत कमान के प्रमुख मेजर जनरल अली अब्दुल्लाही ने कहा कि ईरान इस इलाके में आने वाली ‘किसी भी विदेशी सेना’ और खास तौर पर ‘आक्रामक अमेरिकी सेना’ को निशाना बनाएगा। उन्होंने साफ कहा कि यह जलडमरूमध्य ईरान के नियंत्रण में है और इसकी सुरक्षा पूरी ताकत से की जाएगी। अब्दुल्लाही ने कहा कि हम होर्मुज जलडमरूमध्य की सुरक्षा का प्रबंधन मजबूती से कर रहे हैं। हम सभी व्यापारिक जहाजों और तेल टैंकरों को सलाह देते हैं कि वे यहां तैनात हमारी सेना के साथ तालमेल बिठाए बिना यहां से न गुजरें, अन्यथा उनकी सुरक्षा खतरे में पड़ सकती है।






