
मुंबई
इंडिया गठबंधन के बड़े दलों में शामिल तृणमूल कांग्रेस बड़े संगठन संकट से घिरी हुई है। इसी बीच खबरें हैं कि विपक्षी गुट के एक और सहयोगी दल शिवसेना (उद्धव बालासाहब ठाकरे) के भी आधे से ज्यादा सांसद भी टूट सकते हैं। कहा जा रहा है कि उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे की अगवाई वाली शिवसेना के संपर्क में उद्धव सेना के सांसद हैं। हालांकि, पार्टी नेता संजय राउत ने टूट की अटकलों को खारिज किया है। मीडिया रिपोट्र्स में सूत्रों के हवाले से बताया जा रहा है कि उद्धव गुट के नौ में से सात लोकसभा सांसद उनका साथ छोड़ सकते हैं। खास बात है कि यह घटनाक्रम ऐसे समय पर हो रहा है, जब अटकलें लगाई जा रही थीं कि उद्धव और शिंदे सेना दोबारा एकजुट होकर एक पार्टी तले काम कर सकते हैं।
हालांकि, इसे लेकर किसी नेता ने आधिकारिक रूप से कुछ नहीं कहा था। रिपोर्ट के मुताबिक शिंदे ने इनमें से एक सांसद को केंद्र सरकार में मंत्री पद और बाकी सांसदों को भी बड़े पदों का ऑफर दिया है। कहा यह भी जा रहा है कि महाराष्ट्र के डिप्टी सीएम हाल ही में दिल्ली दौरे पर थे, जहां उन्होंने सांसदों से मुलाकात की थी। साथ ही वह कई महीनों से उनके संपर्क में बने हुए हैं। उद्धव ठाकरे की अगवाई वाले गुट में नौ सांसद हैं। रिपोर्ट के मुताबिक, ठाकरे गुट के पूर्व सांसद विनायक राउत ने खुद यह आरोप लगाया है कि उनके सांसदों को तोडऩे की कोशिशें की जा रही हैं।






