पठानकोट में युवक की हत्या, कार में सवार होकर आए हमलावरों ने उतारा मौत के घाट, हाथ-पैर काटे

पठानकोट
पठानकोट के वार्ड नंबर 30 स्थित मोहल्ला कच्चे क्वार्टर में वीरवार देर रात एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई। देर रात करीब साढ़े 12 बजे दो कारों में सवार होकर आए हमलावरों ने एक युवक पर तेजधार हथियारों से हमला कर उसकी हत्या कर दी। वारदात में हमलावरों ने इतनी बेरहमी दिखाई कि युवक के दोनों हाथ और दोनों पैर गंभीर रूप से काट दिए। पूरी घटना पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई, जिसमें दर्जनभर लोग युवक पर हमला करते दिखाई दे रहे हैं। मृतक की पहचान कच्चे क्वार्टर निवासी गुलशन कुमार के रूप में हुई है। सूचना मिलते ही थाना डिवीजन नंबर 2 की पुलिस वरिष्ठ अधिकारी तथा फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस फिलहाल इस मामले को पुरानी रंजिश से जोडक़र देख रही है, हालांकि हत्या के कारणों की आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं की गई है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार गुलशन कुमार अपने एक साथी के साथ मोटरसाइकिल पर घर लौट रहा था। रास्ते में पहले से घात लगाए बैठे सात आठ लोगों ने दोनों को घेर लिया और तेजधार हथियारों से हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल गुलशन को स्थानीय लोगों ने तुरंत अस्पताल पहुंचाया, जहां डाक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।






