हरियाणा चुनाव में ब्राज़ीलियाई मॉडल ‘लारिसा’ की तस्वीर से फर्जी वोटिंग? मॉडल ने तोड़ी चुप्पी

हरियाणा विधानसभा चुनाव के बीच फर्जी वोटिंग के आरोपों ने नया मोड़ ले लिया है। कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने भाजपा और चुनाव आयोग पर हरियाणा में “कांग्रेस की हार सुनिश्चित करने के लिए मिलीभगत” का आरोप लगाया। उन्होंने दावा किया कि ब्राज़ीलियाई मॉडल ‘लारिसा’ की तस्वीर का इस्तेमाल फर्जी मतदाताओं की पहचान बनाने के लिए किया गया।
राहुल गांधी के इस बयान के बाद सोशल मीडिया पर ‘ब्राज़ीलियाई मॉडल’ का नाम ट्रेंड करने लगा और लोग यह जानने में जुट गए कि आखिर वह कौन है।
कौन हैं लारिसा?
लारिसा एक ब्राज़ीलियाई मॉडल हैं जिनकी पुरानी तस्वीरें कथित तौर पर हरियाणा की मतदाता सूची में इस्तेमाल की गईं। कुछ रिपोर्ट्स के मुताबिक, वह अब मॉडलिंग छोड़कर बेलो होरिज़ोंटे (ब्राज़ील) में एक सैलून चलाती हैं।
वीडियो में मॉडल ने क्या कहा?
वायरल वीडियो में लारिसा ने इस पूरे विवाद पर अपनी प्रतिक्रिया दी। पुर्तगाली भाषा में शेयर किए गए वीडियो में उन्होंने कहा “दोस्तों, मैं आपको एक मज़ाक सुनाती हूँ। वे मेरी एक पुरानी तस्वीर इस्तेमाल कर रहे हैं। तब मैं करीब 18 या 20 साल की थी… मुझे नहीं पता कि यह चुनाव है या भारत में मतदान से जुड़ा कुछ!”
उन्होंने आगे बताया कि एक रिपोर्टर ने उन्हें इंटरव्यू के लिए फोन किया था।“उसने मेरे सैलून में फोन किया, लेकिन मैंने बात नहीं की। फिर उसने मेरा इंस्टाग्राम ढूंढ लिया। अब एक दोस्त ने मुझे वह तस्वीर भेजी है, जो भारत में चल रही है। यह तो सच में अजीब है।”
सोशल मीडिया पर मचा हड़कंप
वीडियो वायरल होते ही सोशल मीडिया पर #Larissa और #HaryanaElections ट्रेंड करने लगे। कुछ यूज़र्स ने इसे “वैश्विक फर्जीवाड़ा” कहा, तो कुछ ने इसे “राजनीतिक ड्रामा” बताया।






