आज की ख़बरहरियाणा

कुरुक्षेत्र की हवा जहरीली; शहर में जगह-जगह कचरा जलाने से बढ़ी दिक्कत, सांस लेना मुश्किल

शहर से हर रोज निकल रहे कचरे का निस्तारण करने के बजाय कचरे के ढेरों को जगह-जगह आग के हवाले किया जा रहा है। इससे न केवल धर्मनगरी की हवा जहरीली हो रही है बल्कि नियमों की भी अवहेलना की जा रही है। इसके साथ ही प्रशासन की गंभीरता व सख्ती पर भी सवाल उठ रहे हैं। शहर को स्वच्छ बनाने के दावों को भी बड़ा झटका लग रहा है और हादसे की आशंका बन रही है। हालांकि प्रशासन ने शहर की सफाई व्यवस्था को दुरुस्त करने के प्रयास तेज किए हैं लेकिन इन प्रयासों को स्थायी डंपिंग साइट न मिलने पर बड़ा झटका लग रहा है।

स्थायी डंपिंग साइट की समस्या के कारण ही पिछले तीन दिन तक घरों से कचरा उठान नहीं हो पाया। इसके कारण सडक़ों के किनारे कचरे के ढेर लग गए। बाद में इन अनेक ढेरों को आग के हवाले ही कर दिया गया जिससे शुक्रवार को भी सेक्टर 17, पिपली थर्ड गेट रोड और अमीन रोड के आसपास जहरीला धुआं उठता रहा। वहीं, धर्मनगरी की हवा पिछले कई माह से शुद्ध नहीं हो पा रही है। शुक्रवार को भी एक्यूआई 158 दर्ज किया गया। जबकि पहले यह 280 तक भी पहुंच गया था। ऐसे में एनजीटी व सरकार भी प्रदूषण फैलने से रोकने पर पाबंदी के लिए कड़े निर्देश दे चुकी है। नगर प्रशासन पिछले दिनों कचरा फैलाने व आग के हवाले करने पर कई लोगों को जुर्माना तक लगा चुका है। नप ईओ राजेश कुमार ने कहा कि कचरे को आग के हवाले नहीं किया जाना है, यह विस्तार से सफाई कर्मियों को बताया हुआ है। इसके साथ और भी सख्ती की जाएगी। जहां भी कोई कचरे में आग लगाता मिला तो तत्काल कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने आम जन से भी अपील की कि कचरे को आग के हवाले न किया जाए।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button