मुंबई। फिल्म रामायणम् का पहला गाना ‘जय जय राम’ गणेश चतुर्थी के अवसर पर रिलीज किया गया। एआर रहमान द्वारा संगीतबद्ध, डॉ. कुमार विश्वास द्वारा रचित और अरिजीत सिंह तथा श्रेया घोषाल की आवाज में सजे इस गीत में श्री राम को समर्पित आरती की आध्यात्मिक भावना और सिनेमाई संगीत का मेल देखने को मिलता है। फिल्म के निर्माता नमित मल्होत्रा ने कहा कि श्री राम रामायणम के केंद्र में हैं और जय जय राम उनके साथ लोगों के सदियों पुराने आध्यात्मिक रिश्ते को सामने लाता है। फिल्म बड़े स्तर पर बनाई जा रही है, लेकिन इसकी नींव भावनाओं, मूल्यों और भक्ति में है। गणेश चतुर्थी पर संगीत यात्रा की शुरुआत करना उनके लिए विशेष महत्व रखता है। ए.आर. रहमान ने कहा कि ‘जय जय राम’ के केंद्र में श्री राम के नाम का सरल लेकिन प्रभावशाली जाप है। संगीत में गीत की पवित्रता और अपनापन बनाए रखते हुए इसे सिनेमाई स्वरूप देने का प्रयास किया गया है। डॉ. कुमार विश्वास ने कहा कि जय जय राम तीन सरल शब्द हैं, लेकिन इनके भीतर पूरी प्रार्थना समाई है। गीत में श्री राम के प्रति भक्तों के रिश्ते को मार्गदर्शक, शक्ति और शरण के रूप में व्यक्त करने का प्रयास किया गया है। रामायणम् के ट्रेलर को दुनिया भर में मिली जबरदस्त प्रतिक्रिया के बाद यह गीत जारी किया गया है। निर्माताओं के अनुसार ट्रेलर ने कई मंचों पर छह दिनों में एक अरब से अधिक डिजिटल व्यूज हासिल किए थे। नितेश तिवारी के निर्देशन में बनी रामायणम् में रणबीर कपूर श्री राम, साई पल्लवी सीता, यश रावण, सनी देओल हनुमान और रवि दुबे लक्ष्मण की भूमिका में नजर आएंगे। नमित मल्होत्रा के प्राइम फोकस स्टूडियोज ने डीएनईजी और यश की मॉन्स्टर माइंड क्रिएशंस के साथ मिलकर इसका निर्माण किया है। फिल्म का पहला भाग दीपावली 2026 में सिनेमाघरों में प्रदर्शित होगा।