पंजाब

पहली बारिश में डेराबस्सी जलमग्न, सडक़ें बनी तालाब, जगह-जगह भरा पानी

मानसून पूर्व हुई पहली बारिश ने डेराबस्सी नगर काउंसिल की तैयारियों और विकास कार्यों की वास्तविक स्थिति उजागर कर दी। थोड़ी देर की बारिश के बाद ही शहर के कई इलाकों में जलभराव की स्थिति बन गई। इससे आम जनजीवन प्रभावित हुआ और लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। जगह-जगह सडक़ों पर पानी जमा होने से यातायात बाधित रहा तथा वाहन चालकों और राहगीरों को कठिनाइयों से गुजरना पड़ा। बारिश के बाद शहर के कई मुख्य मार्गों, रिहायशी क्षेत्रों और निचले इलाकों में पानी जमा हो गया। कई स्थानों पर हालात ऐसे दिखाई दिए मानो सडक़ें तालाब में तबदील हो गई हों। जलभराव के कारण दोपहिया वाहन चालकों को विशेष रूप से दिक्कतों का सामना करना पड़ा। जबकि पैदल चलने वाले लोगों को भी पानी से होकर गुजरना पड़ा। स्थानीय निवासियों ने नगर काउंसिल की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए कहा कि हर वर्ष बरसात से पहले जल निकासी व्यवस्था को दुरुस्त करने और विकास कार्यों को लेकर बड़े.बड़े दावे किए जाते हैं, लेकिन जमीनी स्तर पर स्थिति कुछ और ही दिखाई देती है।

लोगों का कहना है कि यदि हल्की बारिश में ही यह स्थिति बन रही है तो आने वाले दिनों में भारी बारिश के दौरान हालात और गंभीर हो सकते हैं। शहरवासियों ने नगर काउंसिल से मांग की है कि बरसात के मौसम को ध्यान में रखते हुए तत्काल प्रभाव से जल निकासी व्यवस्था को मजबूत किया जाए तथा उन क्षेत्रों की पहचान कर स्थायी समाधान निकाला जाए जहां हर वर्ष जलभराव की समस्या सामने आती है। लोगों ने यह भी कहा कि विकास कार्यों की गुणवत्ता और निगरानी को लेकर जवाबदेही तय की जानी चाहिए ताकि भविष्य में नागरिकों को इस तरह की परेशानियों का सामना न करना पड़े। पहली ही बारिश ने यह संकेत दे दिया है कि यदि समय रहते आवश्यक कदम नहीं उठाए गए तो आगामी मानसून के दौरान शहर में स्थिति और चुनौतीपूर्ण हो सकती है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button