राष्ट्रीय एकता दिवस पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने विपक्ष पर बोला तीखा हमला, जानिए क्या कहा

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राष्ट्रीय एकता दिवस पर विपक्ष पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि विपक्ष का दायित्व सरकार की नीतियों का विरोध करना है, लेकिन दुर्भाग्य से देश में विपक्ष अब ‘अवरोध पक्ष’ बन चुका है। अपनी हताशा और निराशा में विपक्ष देश के सामने अवरोध पैदा कर रहा है। यह विरोध नहीं, अवरोध है। उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्ष विदेशी ताकतों के साथ मिलकर भारत के बंटबारे की साजिश रच रहा है। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि देशवासियों को एकजुट होकर ऐसी ताकतों का सामना करना होगा। उन्होंने सतर्क करते हुए कहा कि कौन विदेश में गुप्त रूप से मिल रहा है, कौन भारत विरोधी ताकतों की भाषा बोल रहा है, हमें एकजुट होकर इनका सामना करना होगा। पीएम मोदी ने कहा कि ‘दिमागी नक्सल’ का खतरा देश के ऊपर से टला नहीं है। देश को इनसे हमेशा सतर्क रहना है।
राष्ट्रीय एकता दिवस के संबोधन में प्रधानमंत्री ने नक्सलवाद के खिलाफ देश की कार्रवाई का भी जिक्र किया. उन्होंने कहा कि पिछले साल सरदार पटेल के 150वें जन्मदिवस पर उन्होंने यहीं उनके चरणों में खड़े होकर संकल्प लिया था कि जब तक देश नक्सलवाद और माओवादी आतंक से पूरी तरह मुक्त नहीं हो जाता, तब तक चैन से नहीं बैठेंगे. पीएम मोदी ने कहा कि ठीक एक साल बाद आज देश का वह संकल्प पूरा हो चुका है. नक्सलवाद की कमर तोड़ी जा चुकी है. उन्होंने बताया कि 2015 में देश के 126 जिले वामपंथी उग्रवाद से प्रभावित थे, लेकिन मार्च 2026 तक देश में ऐसा कोई जिला नहीं रह गया, जो अब भी नक्सलवाद से प्रभावित हो। उन्होंने कहा कि दशकों तक हिंसा और खून-खराबे से पीडि़त रहे ये जिले अब विकास की मुख्यधारा का हिस्सा बन रहे है। इन इलाकों में सडक़ों का विस्तार हो रहा है, मोबाइल नेटवर्क पहुंच रहा है और स्कूलों की सुविधाएं बढ़ रही हैं. युवाओं के लिए शिक्षा, रोजगार और आगे बढऩे के नए अवसर खुल रहे हैं।






