देश विदेश

सेशेल्स में पीएम को ‘गार्ड ऑफ ऑनर’, PM का शानदार स्वागत, कार डिप्लोमेसी से बढ़ी गर्मजोशी

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शनिवार को अपने तीन दिवसीय आधिकारिक दौरे पर सेशेल्स पहुंचे। राजधानी विक्टोरिया के सेशल्स इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर राष्ट्रपति पैट्रिक हर्मिनी और एक हाई-लेवल डेलिगेशन ने पीएम मोदी का शानदार स्वागत किया। इस मौके पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को सेरेमोनियल ‘गार्ड ऑफ ऑनर’ भी दिया गया। एयरपोर्ट पर भारतीय समुदाय के लोगों ने भी उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। इस दौरान कच्छ के पारंपरिक नृत्य की प्रस्तुति भी दी गई। स्वागत के बाद पीएम मोदी राष्ट्रपति हर्मिनी के साथ कार में सवार होकर नेशनल बोटैनिकल गार्डन के लिए रवाना हुए। दोनों नेताओं की कार में साथ बैठी तस्वीर को पीएम मोदी ने पोस्ट करते हुए इसे ‘कार डिप्लोमेसी’ का उदाहरण बताया। यह तस्वीर दोनों देशों के बीच बढ़ती दोस्ती का प्रतीक बन गई। इसके बाद प्रधानमंत्री मोदी राष्ट्रपति हर्मिनी के साथ सेशेल्स नेशनल बोटैनिकल गार्डन पहुंचे, जहां उन्होंने पौधा लगाया। बोटैनिकल गार्डन में प्रधानमंत्री मोदी ने बड़े उत्साह से विशाल कछुओं को खाना खिलाया।

इनमें 194 साल के जोनाथन भी शामिल था, जिसे दुनिया का सबसे उम्रदराज जीवित स्थलीय जानवर माना जाता है। इस दौरान पीएम मोदी ने राष्ट्रपति पैट्रिक हर्मिनी के साथ नारियल पानी भी पिया। सेशेल्स के राष्ट्रपति हर्मिनी के निमंत्रण पर राजकीय यात्रा कर रहे पीएम मोदी 29 जून को सेशेल्स के राष्ट्रीय दिवस समारोह में गेस्ट ऑफ ऑनर के तौर पर शामिल होंगे। यह समारोह देश की आजादी के 50 साल पूरे होने के अवसर पर आयोजित किया जा रहा है। परेड में भारतीय सशस्त्र बलों की एक टुकड़ी और भारतीय नौसेना के दो युद्धपोत भी हिस्सा लेंगे। दौरे के दौरान प्रधानमंत्री मोदी सेशेल्स की राष्ट्र्रीय विधानसभा को संबोधित करेंगे और वहां रह रहे भारतीय समुदाय के लोगों से भी मुलाकात करेंगे। यह पिछले 11 साल में प्रधानमंत्री मोदी का सेशेल्स का दूसरा दौरा है। इससे पहले उन्होंने 2015 में इस द्वीपीय देश की यात्रा की थी। पीएम मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा कि एयरपोर्ट पर डॉ. पैट्रिक हर्मिनी द्वारा किए गए स्वागत के लिए मैं उनका बहुत आभारी हूं। सेशेल्स हिंद महासागर में हमारा एक अहम समुद्री साझेदार और करीबी दोस्त है।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button