42 दिन में बिक गई सवा 55 लाख गाड़ियां, जानिए किस व्हीकल रही ज्यादा डिमांड

नई दिल्ली। इस साल 42 दिन के त्योहारी सीजन में देश में वाहनों की खुदरा बिक्री 2.2 प्रतिशत बढक़र 55,25,490 इकाई पर पहुंच गई। पिछले साल त्योहारी सीजन में देश में कुल 54,05,956 वाहनों का पंजीकरण हुआ था। वाहन डीलरों के शीर्ष संगठन फाडा ने सोमवार को त्योहारी सीजन की बिक्री के आंकड़े जारी किए। इसमें यात्री वाहनों को छोडक़र अन्य सभी खंडों में बिक्री बढ़ी है। यात्री वाहनों की बिक्री 7.2 फीसदी घटकर 7,48,616 इकाई रह गई। फाडा ने इसके लिए पिछले साल वस्तु एवं सेवा कर (जीएसटी) में दूसरी पीढ़ी के सुधारों के बाद हुई बंपर बिक्री को कारण बताया है जिससे इस साल के आंकड़ें कमजोर दिख रहे हैं। उसने बताया कि साल 2024 के त्योहारी सीजन की तुलना में ब्रिकी 16.43 फीसदी बढ़ी है। अन्य खंडों में पिछले साल की तुलना में दुपहिया की बिक्री 3.7 फीसदी और तिपहिया की 5.3 फीसदी बढ़ी है। इनका आंकड़ा क्रमश: 43,13,276 और 1,93,576 इकाई रहा।
वाणिज्यिक वाहनों की बिक्री में 7.13 प्रतिशत का उछाल दर्ज किया गया और यह 1,55,761 इकाई पर पहुंच गई। पहिये वाले निर्माण उपकरणों की बिक्री 26.1 प्रतिशत बढक़र 10,452 इकाई और ट्रैक्टरों की बिक्री 2.24 प्रतिशत बढक़र 1,03,809 इकाई रही। फाडा के अध्यक्ष साई गिरिधर ने आंकड़ों पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा कि साल 2026 का 42 दिन का फेस्टिव सीजन उस साल के तौर पर याद किया जाएगा जब भारतीय वाहनों की खुदरा बिक्री ने एक के बाद एक रिकॉर्ड बनाए। पिछले साल के जबरदस्त आधार के मुकाबले इस साल त्योहारी बिक्री 2.21 प्रतिशत बढक़र 55,25,490 इकाई हो गई, जो हमारे इतिहास में 42-दिन के त्योहारी सीजन में अब तक सबसे अधिक है। साल 2024 के मुकाबले दो साल में यह 23.95 प्रतिशत की जबरदस्त बढ़ोतरी है – यह इस बात का सबूत है कि सरकार के जीएसटी 2.0 सुधारों से आई मांग में बढ़ोतरी न सिर्फ बनी रही, बल्कि और गहरी हुई है।






