चंडीगढ़ में होटल की तीसरी मंजिल का हिस्सा अचानक गिरा, अफरा-तफरी मची
चंडीगढ़/किशनगढ़: शहर के किशनगढ़ इलाके में बने होटल ‘लेक व्यू’ की तीसरी मंजिल का हिस्सा अचानक टूटकर नीचे गिर गया, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया। हादसे के बाद आसपास के लोग डर के मारे बाहर निकल आए और घटनास्थल पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
दमकल टीम ने तुरंत किया एरिया सील:
सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और पूरे इलाके को तुरंत सील कर दिया। फायर अफसर ने बताया कि होटल के अंदर मौजूद सभी लोगों को सुरक्षित तरीके से पीछे के गेट से बाहर निकाला गया। किसी के हताहत होने की कोई सूचना नहीं मिली है, लेकिन जांच जारी है।
मौके पर कड़ी सुरक्षा, पुलिस भी मौजूद:
दमकल विभाग ने होटल के अंदर किसी को भी प्रवेश करने की अनुमति नहीं दी, ताकि कोई और नुकसान न हो। घटना के दौरान नीचे सड़क पर खड़ी एक कार के शीशे टूट गए हैं, जिसकी भी जांच की जा रही है। घटना स्थल पर पुलिस भी तैनात है।
जांच में जुटी प्रशासनिक टीम:
इमारत की खराब हालत को देखते हुए प्रशासन ने तुरंत जांच शुरू कर दी है ताकि भविष्य में ऐसे हादसों को रोका जा सके। लोगों से अपील की गई है कि वे फिलहाल होटल के आसपास न जाएं और अधिकारियों के निर्देशों का पालन करें।






