हिमाचल बस हादसा: मंडी में 150 फीट गहरी खाई में गिरी HRTC बस, 7 की मौत, 23 घायल
मंडी, हिमाचल प्रदेश | 24 जुलाई 2025 : हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले से आज सुबह एक दिल दहला देने वाली खबर सामने आई। गुरुवार सुबह करीब 9:45 बजे हिमाचल पथ परिवहन निगम (HRTC) की एक बस सरकाघाट-जामनी-दुर्गापुर रोड पर मसेरन तालगरा के पास 150 फीट गहरी खाई में गिर गई। हादसे में 7 लोगों की मौत हो गई है, जिनमें 4 महिलाएं और 3 पुरुष शामिल हैं। वहीं, 23 यात्री घायल हुए हैं, जिनमें से 3 की हालत गंभीर बताई जा रही है।
हादसे का विवरण
बस HP-28-A-3717 सुबह 9 बजे जामनी से सरकाघाट के लिए रवाना हुई थी। रास्ते में तीखे मोड़ पर ड्राइवर बस से नियंत्रण खो बैठा, जिससे यह गहरी खाई में जा गिरी। बस में करीब 35 यात्री सवार थे।
हादसे की खबर फैलते ही स्थानीय लोग और पुलिस मौके पर पहुंचे और रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। घायलों को सरकाघाट अस्पताल पहुंचाया गया, जबकि गंभीर रूप से घायल तीन लोगों को एम्स बिलासपुर रेफर किया गया है।

SP मंडी की पुष्टि
हिमाचल SP साक्षी वर्मा ने जानकारी देते हुए कहा,
“अब तक 7 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 23 घायल हैं। घायलों का इलाज जारी है।”
अस्पताल की हालत पर उठे सवाल
हिमाचल सरकाघाट के विधायक दलीप ठाकुर ने अस्पताल पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने कहा,
“यह शर्मनाक है कि अस्पताल में न अल्ट्रासाउंड है और न ही एम्बुलेंस। मैं यह मुद्दा विधानसभा में जोर-शोर से उठाऊंगा।”
CM और Deputy CM का रिएक्शन
हिमाचल मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने हादसे को “दुखद और हृदयविदारक” बताया और शोक संतप्त परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की। उन्होंने जिला प्रशासन को निर्देश दिया कि घायलों को हर संभव मदद दी जाए।
वहीं, डिप्टी मुख्यमंत्री एवं हिमाचल परिवहन मंत्री मुकेश अग्निहोत्री हादसे की सूचना मिलते ही शिमला से सरकाघाट के लिए रवाना हो गए हैं। वह अस्पताल पहुंचकर घायलों का हाल जानेंगे।






