‘गंदी रील्स’ पर गरमाई सियासत: साध्वी ऋतम्भरा के बयान को ओमप्रकाश राजभर का मिला समर्थन

बलिया,02 अगस्त 2025(संजय कुमार तिवारी)। देश में इन दिनों सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे आपत्तिजनक वीडियो और महिलाओं द्वारा बनाई जा रही अश्लील रील्स को लेकर बहस तेज हो गई है। मथुरा के दो प्रमुख कथावाचकों — अनिरुद्धाचार्य और प्रेमानंद महाराज — के बयानों के बाद अब साध्वी ऋतम्भरा का एक पुराना वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें उन्होंने ऐसी रील्स बनाने वाली महिलाओं पर तीखी प्रतिक्रिया दी थी।
हालांकि यह वीडियो 21 मार्च का बताया जा रहा है, लेकिन अब यह राजनीतिक चर्चाओं में भी आ गया है। इस वीडियो पर प्रतिक्रिया देते हुए उत्तर प्रदेश के कैबिनेट मंत्री और सुभासपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष ओमप्रकाश राजभर ने साध्वी ऋतम्भरा के बयान का समर्थन किया है।
ओमप्रकाश राजभर बोले – “बिलकुल सही कहा साध्वी ने”
बलिया दौरे पर पहुंचे राजभर ने कहा,
“मानव जीवन में प्रगति हुई है, लेकिन आज की कुछ गतिविधियाँ चिंता का विषय हैं। साध्वी ऋतम्भरा ने जो बात कही है वह सही है। समाज में इस तरह की रील्स और कृत्य से एक प्रकार की विसंगति फैल रही है।”
उन्होंने यह भी जोड़ा कि समाज में फैल रही इस प्रवृत्ति पर सरकार का ध्यान अवश्य जाएगा और इस पर कठोर कदम उठाए जाएंगे।
“आवश्यकता ही उत्पत्ति की जननी होती है। जब किसी चीज़ का कुप्रभाव समाज पर दिखने लगता है, तो सरकार उस पर कार्रवाई के लिए बाध्य हो जाती है। निश्चित रूप से इस पर रोक लगेगी।”
क्या था साध्वी ऋतम्भरा का बयान?
“हिंदू स्त्रियां… हे भगवान, ये देखकर शर्म आती है। पैसा कमाओगी तुम… क्या नग्न होकर पैसा कमाओगी? गंदे ठुमके लगाकर और गंदे गाने गाकर पैसा कमाओगी? मुझे समझ नहीं आता कि उनके पतियों को ये स्वीकार कैसे है? उनके पिताओं को ये स्वीकार कैसे है?”






