हरियाणा में ‘मुख्यमंत्री विश्वकर्मा सम्मान योजना’ की शुरुआत,कारीगरों को मिलेगा 5 हजार का प्रोत्साहन

चंडीगढ़ : भगवान विश्वकर्मा जयंती के पावन अवसर और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के जन्मदिवस पर हरियाणा में कारीगरों और शिल्पकारों को बड़ी सौगात मिली। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने मुख्यमंत्री विश्वकर्मा सम्मान योजना की शुरुआत की। इस योजना के अंतर्गत हरियाणा के उन कारीगरों को 5 हजार रुपये का टॉप अप प्रोत्साहन दिया जाएगा, जो प्रधानमंत्री विश्वकर्मा योजना में कौशल प्रशिक्षण प्राप्त करते हैं। मुख्यमंत्री बुधवार को रोहतक में विश्वकर्मा जयंती एवं श्रमिक दिवस समारोह पर आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। समारोह में पूर्व मंत्री मनीष ग्रोवर सहित अन्य गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे।
नायब सैनी ने कहा कि यह शुभ संयोग है कि आज दिव्य शिल्पी भगवान विश्वकर्मा की जयंती है। 21वीं शताब्दी के नए भारत के शिल्पी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का जन्मदिन भी है। उन्होंने हरियाणा की पौने 3 करोड़ जनता की ओर से भगवान विश्वकर्मा को नमन किया प्रधानमंत्री को जन्म दिन की बधाई एवं शुभकामनाएं दी। इस मौके पर मुख्यमंत्री ने विश्वकर्मा शिक्षा समिति, रोहतक को 31 लाख रुपये देने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि विश्वकर्मा समाज द्वारा आवेदन करने पर हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण के नियमानुसार प्लॉट आवंटित किया जाएगा। इसके अलावा, मुख्यमंत्री विवाह शगुन योजना के तहत प्रदेश में 4200 बेटियों की शादी के लिए 22 करोड़ रुपये की राशि 30 सितंबर तक जारी कर दी जाएगी। उन्होंने कहा कि दीन दयाल लाडो लक्ष्मी योजना के तहत जल्द पंजीकरण शुरू होगा और जल्द ही बहनों को 2100 रुपये प्रति माह का लाभ दिया जाएगा। यह भी पढ़ें : – Haryana : HVPNL ने ग्रुप-A अधिकारियों के ऑनलाइन तबादले किए सफल
भारत तीसरी अर्थव्यवस्था बनने की ओर अग्रसर
नायब सैनी ने कहा कि आज देश तेजी से आगे बढ़ रहा है। प्रधानमंत्री के कुशल नेतृत्व में भारत विश्व की चौथी सबसे मजबूत अर्थव्यवस्था बनने के बाद अब तीसरी सबसे मजबूत अर्थव्यवस्था बनने की ओर अपने कदम बढ़ा चुका है। देश की यह तरक्की श्रम-शक्ति के बल पर ही हुई है। प्रधानमंत्री ने वर्ष 2047 तक ‘विकसित भारत’ का लक्ष्य रखा है। इस लक्ष्य को हासिल करने में भी श्रम शक्ति की अहम भूमिका रहेगी।
प्रदर्शनी का किया अवलोकन
मुख्यमंत्री ने भगवान श्री विश्वकर्मा जयंती समारोह स्थल पर सूचना, जनसंपर्क एवं भाषा विभाग की ओर से लगाई गई प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जीवन वृतांत को केंद्रित प्रदर्शनी का अवलोकन किया। प्रदर्शनी में नरेन्द्र मोदी की जनसेवा को समर्पित योजनाओं के साथ ही प्रदर्शनी के माध्यम से उनकी कुशल कार्यशैली को प्रदर्शित किया गया। विभाग के महानिदेशक के. मकरंद पांडुरंग ने प्रदर्शनी के बारे में विस्तार से जानकारी सांझा की।
शिल्पकारों का हुआ सम्मान
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने टेराकोटा श्रेणी में फरीदाबाद निवासी महेंद्र कुमार को प्रथम पुरस्कार के रूप में 3 लाख रुपये, लकड़ी व बांस शिल्प श्रेणी में कुरुक्षेत्र निवासी दीपक को 3 लाख रुपये, धातु में रेवाड़ी के शिव कुमार को 3 लाख रुपये, हथकरघा में पानीपत के खेमराज को 3 लाख रुपये, वहीं चित्रकला क्षेत्र में रेवाड़ी के सुरेंद्र कुमार को द्वितीय पुरस्कार के रूप में 51 हजार रुपये व टेराकोटा में फरीदाबाद के केदार को 51 हजार रुपये के सम्मान से नवाजा।






