CM भगवंत मान ने श्री आनंदपुर साहिब में की ऐतिहासिक घोषणाएं | फ्री बस-रिक्शा, वर्ल्ड क्लास यूनिवर्सिटी, हेरिटेज स्ट्रीट

श्री आनंदपुर साहिब: गुरु तेग बहादुर जी की 350वीं शहीदी शताब्दी के अवसर पर पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने कई ऐतिहासिक घोषणाएं कीं। इस समारोह में दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल, सांसद मालविंदर सिंह कंग, पर्यटन मंत्री तरुणप्रीत सिंह और शिक्षा मंत्री हरजोत सिंह बैंस भी मौजूद रहे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि अमृतसर साहिब, तलवंडी साबों और श्री आनंदपुर साहिब में श्रद्धालुओं के लिए पूरी तरह मुफ्त बस और ऑटो सेवा चलाई जाएगी। इसका पूरा खर्च राज्य सरकार उठाएगी, जिससे पवित्र स्थलों की यात्रा अब आसान और सुविधाजनक होगी।
गुरु तेग बहादुर के नाम पर वर्ल्ड क्लास यूनिवर्सिटी
सीएम ने घोषणा की कि श्री आनंदपुर साहिब में गुरु तेग बहादुर जी के नाम पर वर्ल्ड क्लास यूनिवर्सिटी स्थापित की जाएगी। इस यूनिवर्सिटी का सिलेबस लोगों की राय के अनुसार तैयार होगा और यह शिक्षा क्षेत्र में पंजाब का नया आयाम साबित होगी।
नई हेरिटेज स्ट्रीट का विकास
इसके अलावा, शहर में नई हेरिटेज स्ट्रीट विकसित की जाएगी। इसका उद्देश्य शहर की संस्कृति और ऐतिहासिक महत्व को आधुनिक सुविधाओं के साथ जोड़कर धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देना है।
चरन गंगा स्टेडियम और सरकारी दुकानों का अपग्रेड
सीएम ने कहा कि चरन गंगा स्टेडियम को अत्याधुनिक सुविधाओं के साथ अपग्रेड किया जाएगा। साथ ही, शहर की सभी सरकारी दुकानों को एक समान रंग और डिज़ाइन में विकसित किया जाएगा, जिससे पवित्र शहर का लुक आकर्षक और हैरिटेज थीम के अनुरूप हो।
अरविंद केजरीवाल का संबोधन
पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कहा कि गुरु साहिब का सबसे बड़ा संदेश “एक ओंकार” है। उन्होंने बताया कि उनकी सरकार ईमानदारी और सेवा भाव से काम कर रही है। उन्होंने किसानों के खेतों में पानी, मुफ्त शिक्षा और स्वास्थ्य सुविधाओं के बारे में भी जानकारी दी।






