आज की ख़बरपंजाब

‘जब पता था 350 करोड़ में बिकी थी CM की कुर्सी, फिर चुप क्यों रहे?’—AAP नेता बलतेज पन्नू का सुनील जाखड़ पर बड़ा हमला

चंडीगढ़। आम आदमी पार्टी (AAP) पंजाब के महासचिव बलतेज पन्नू ने भाजपा नेता व पूर्व कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष सुनील जाखड़ पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने सवाल उठाया कि जाखड़ अब दावा कर रहे हैं कि कांग्रेस में साढ़े तीन सौ करोड़ रुपये देकर मुख्यमंत्री की कुर्सी बेची गई थी, लेकिन जिस समय यह कथित सौदा हुआ—तब वे खुद कांग्रेस के प्रदेश प्रधान थे। फिर उन्होंने तब आवाज क्यों नहीं उठाई?

नवजोत कौर सिद्धू के बयान के बाद सियासत गरमाई

पन्नू ने कहा कि पहले नवजोत कौर सिद्धू का बयान सामने आया कि उनके पास CM चेहरा बनने के लिए 500 करोड़ रुपये नहीं हैं। इसके बाद सुनील जाखड़ ने कहा कि 350 करोड़ रुपये में CM की कुर्सी बेची गई थी। इन बयानों ने पंजाब की राजनीति में हलचल पैदा कर दी है।

‘जब खुद प्रधान थे, तब क्यों चुप रहे?’

पन्नू ने कहा कि जाखड़ साहब का दावा यह दर्शाता है कि उन्हें उस समय पूरी जानकारी थी। उन्होंने तंज कसते हुए कहा—“जाखड़ साहब कह रहे हैं कि उन्हें कहीं से पता चला था। अगर ऐसा था तो वे प्रदेश अध्यक्ष होकर कैसे अंजान रहे? स्पष्ट है कि उन्हें सब पता था, तभी आज इतने विश्वास से यह दावा कर रहे हैं।”

क्या इसी वजह से नहीं बनी जाखड़ की बात?

AAP नेता ने यह भी सवाल उठाया कि—“क्या कांग्रेस का प्रधान होते हुए उन्हें यह मालूम था कि CM की कुर्सी 350 करोड़ में बिक रही है? क्या इसी कारण उनकी बारी नहीं आई? और क्या महंगाई के चलते आज इसका रेट 500 करोड़ तक पहुंच गया है, जैसा कि नवजोत कौर सिद्धू कह रही हैं?”

‘500 करोड़ देकर बनने वाला CM फिर कितने शून्य जोड़ेगा?’

पन्नू ने चेताया कि अगर किसी पार्टी में मुख्यमंत्री की कुर्सी करोड़ों में बिकने लगे, तो यह भ्रष्टाचार की नींव को बेहद गहरा कर देता है।उन्होंने कहा—“अगर पंजाब की जनता कांग्रेस पर दोबारा भरोसा करती है, तो इसका मतलब होगा कि 500 करोड़ देकर बनने वाला मुख्यमंत्री आगे न जाने कितने शून्य और लगाएगा।”

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button