Trending Newsआज की ख़बरउतर प्रदेश

UP News : हर जरूरतमंद की सेवा सरकार का संकल्प: जनता दर्शन में बोले सीएम योगी

UP News : उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने एक बार फिर जनता दर्शन कार्यक्रम के माध्यम से आम लोगों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि हर जरूरतमंद की सेवा, सुरक्षा और सम्मान प्रदेश सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है और शिकायतों के निस्तारण में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

अधिकारियों को सख्त और समयबद्ध कार्रवाई के निर्देश

जनता दर्शन के दौरान प्रदेश के विभिन्न जनपदों से आए फरियादियों से मुख्यमंत्री ने व्यक्तिगत रूप से मुलाकात की, उनके प्रार्थना पत्र प्राप्त किए और संबंधित अधिकारियों को सख्त एवं समयबद्ध कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि हर शिकायत का शीघ्र, निष्पक्ष और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।

पीएसी सिपाही की शिकायत पर तत्काल संज्ञान

कार्यक्रम में पीएसी के एक सिपाही ने अपनी व्यक्तिगत समस्या मुख्यमंत्री के समक्ष रखी। इस पर योगी आदित्यनाथ ने तुरंत संबंधित अधिकारी को प्रार्थना पत्र सौंपते हुए मामले के शीघ्र समाधान के निर्देश दिए।

किसानों की शिकायत पर डीएम को औचक निरीक्षण के आदेश

शाहजहांपुर से आए एक किसान ने धान खरीद केंद्र पर लापरवाही की शिकायत की। मुख्यमंत्री ने दो टूक कहा कि सरकार अन्नदाता किसानों की समृद्धि के लिए निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने शाहजहांपुर के जिलाधिकारी को धान क्रय केंद्रों का औचक निरीक्षण करने के निर्देश दिए और कहा कि किसी भी केंद्र पर किसानों को अनावश्यक परेशानी नहीं होनी चाहिए।

प्रयागराज के मामलों पर प्रशासन को सख्त निर्देश

प्रयागराज से आए फरियादियों की शिकायतों पर मुख्यमंत्री ने जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सरकार पहले दिन से ही जनता की सेवा, सुरक्षा और सम्मान के लिए प्रतिबद्ध है और बीते साढ़े आठ वर्षों से समस्याओं के समाधान के लिए लगातार काम कर रही है।

बच्चों से संवाद, पढ़ाई के लिए किया प्रेरित

जनता दर्शन के दौरान मुख्यमंत्री ने अभिभावकों के साथ आए बच्चों से भी संवाद किया, उनके नाम पूछे, चॉकलेट वितरित की और मन लगाकर पढ़ाई करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने बच्चों को उज्ज्वल भविष्य का आशीर्वाद देते हुए कहा कि शिक्षा ही प्रगति का सबसे मजबूत आधार है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button