‘एक दिन’ फिल्म की कहानी से आमिर खान गहरा कनेक्शन

मुंबई। बॉलीवुड स्टार और फिल्मकार आमिर खान का मानना है कि फिल्म एक दिन उनके अपने व्यक्तित्व का हिस्सा दिखाती है। आमिर खान प्रोडक्शन्स की आने वाली फिल्म एक दिन को लेकर काफी चर्चा है। यह एक प्यारी और दिल को छू लेने वाली लव स्टोरी है। फिल्म में जुनैद खान एक शर्मीले लडक़े का किरदार निभा रहे हैं, जिसे साई पल्लवी जैसी कॉन्फिडेंट लडक़ी से प्यार हो जाता है, लेकिन आमिर खान का मानना है कि यह फिल्म उनके अपने व्यक्तित्व का हिस्सा दिखाती है।
जुनैद खान के किरदार से खुद को जोड़ते हुए आमिर खान ने कहा कि यह कहानी एक ऐसे लडक़े की है जो काफी संकोची है, यानी उसे खुद पर भरोसा नहीं है। उसे लगता है कि वो किसी लडक़ी से कैसे बात करे। जब मैं 16, 17, 18 साल का था, तो मैं भी ऐसा ही था। मैं बहुत शर्मीला था और मुझे लगता था कि लड़कियां मेरी तरफ ध्यान नहीं देतीं, इसलिए मुझे लगा कि मुझे जीवन में कोई नहीं मिलेगा। फिल्म का हीरो भी यही सोचता है कि कोई लडक़ी उसे पसंद नहीं करेगी। इसलिए जब मैंने यह कहानी सुनी, तो मुझे लगा कि यह मेरी कहानी है। फिल्म एक दिन के जरिए आमिर खान और फिल्ममेकर मंसूर खान की मशहूर जोड़ी एक बार फिर साथ आई है। आमिर खान प्रोडक्शन्स की इस फिल्म में साई पल्लवी और जुनैद खान मुख्य भूमिकाओं में हैं। फिल्म का निर्देशन सुनील पांडे ने किया है और इसे आमिर खान, मंसूर खान तथा अपर्णा पुरोहित ने प्रोड्यूस किया है।






