draft

मां की ममता शर्मसार, पति ने मायके जाने से किया इनकार, गुस्से में पत्नी ने बच्ची को पिलाया तेजाब

राजस्थान में खैरथल तिजारा जिले के भिवाड़ी में मायके न भेजे जाने से क्रोधित होकर एक महिला द्वारा पुत्री को तेजाब पिलाने का मामला सामने आया है। इस घटना के बाद पूरे क्षेत्र में हड़कंप मच गया, जबकि मासूम बालिका जिंदगी और मौत के बीच संघर्ष कर रही है। महिला ने पहले तो इसे तेजाब पिलाने से मना किया था, लेकिन बाद में उसने स्वीकार किया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार सोमवार शाम को बालिका का पिता मोहित रोज की तरह काम पर गया हुआ था। वह सोलर पैनल बनाने वाली कंपनी में काम करता है। उसकी बहन भी भिवाड़ी में ही रहती है, जिसने बालिका की तबीयत खराब होने के सूचना दी। वह तुरंत अपने घर पहुंचा, तो घर पर पत्नी सपना और आठ महीने की पुत्री अकेले थे। इसी दौरान मां ने बालिका को तेजाब पिला दिया। तेजाब पीते ही मासूम की हालत बिगड़ गई और वह दर्द से तड़पने लगी। बालिका के मुंह और नाक से लगातार खून बहने लगा। पूरे शरीर में जहां-जहां तक तेजाब गया, वे सारे अंग क्षतिग्रस्त हो गए और खून बहने लगा।

घटना की जानकारी मिलते ही पिता मोहित बालिका को तुरंत भिवाड़ी के कई अस्पतालों में लेकर पहुंचा। वहां चिकित्सकों ने हालत बेहद गंभीर देखते हुए बच्ची को अलवर के शिशु अस्पताल भेज दिया। रात करीब नौ बजे उसको अलवर अस्पताल लेकर आए। फिलहाल मासूम वेंटिलेटर सपोर्ट पर भर्ती है और चिकित्सकों का दल उसे बचाने के लिए लगातार प्रयासरत है।

अलवर शिशु अस्पताल में डॉक्टर राशि कौशिक की देखरेख में चिकित्सकों का विशेष दल बालिका के इलाज में जुटा है। चिकित्सकों के मुताबिक तेजाब शरीर के अंदरूनी हिस्सों को गंभीर नुकसान पहुंचा सकता है, इसलिए स्थिति बेहद नाजुक बनी हुई है। खून का लगातार रिसाव हो रहा है। वेंटिलेटर सपोर्ट पर इलाज चल रहा है।

तेजाब पिलाने के बाद सपना ने अपने मायके के लोगों से फोन पर बात की, जिसमें इस बात को कबूल किया कि पीहर जाने की बात को लेकर उसकी पति से लड़ाई हो गई और गुस्से में आकर उसने पुत्री को तेजाब पिला दिया, जिसका एक ऑडियो भी सामने आया है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है और आस-पास के लोगों से पूछताछ की जा रही है।

दरअसल सपना तीन दिन से अपने पीहर जाने की जिद्द कर रही थी। पति ने सिर्फ इतना कहा कि उसकी नयी-नयी नौकरी है। अभी छुट्टी नहीं है। छुट्टी होगी, तो वह पीहर छोड़ आयेगा। बस यही बात पत्नी को नागवार गुजरा और उसने अपनी दुधमुंही बालिका को तेजाब (शौचालय साफ करने वाला) पिला दिया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button