पंजाब

पंजाब में भीषण सड़क हादसा; यात्रियों से भरी बस पलटी, इतने लोगों की मौत, CM भगवंत मान ने आर्थिक मदद देने की घोषणा की

पंजाब में भीषण सड़क हादसा

Punjab Batala Bus Accident: पंजाब के गुरदासपुर जिले में शुक्रवार को भीषण सड़क हादसा हो गया। यहां के बटाला इलाके में यात्रियों से भरी एक बस पलट गई। इस हादसे में 2 लोगों की मौत होने की जानकारी मिली है, जबकि कई लोग घायल बताए जा रहे हैं। सभी घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है और उनका इलाज चल रहा है। इतना बड़ा हादसा कैसे हुआ, इस बारे में अभी ज्यादा जानकारी नहीं मिल पाई है। हालांकि बस के अनियंत्रित होकर पलटने की बात कही जा रही है। मौके पर पहुंची पुलिस जांच-पड़ताल कर रही है।

अमृतसर से जम्मू जा रही थी बस

बताया जा रहा है कि यह बस अमृतसर से जम्मू जा रही थी। इस बीच जब बस बटाला में सेखवां पुलिस स्टेशन के पास पहुंची तो अचानक हादसे का शिकार हो गई. जिसके बाद मौके पर चीख-पुकार और अफरा-तफरी मच गई। आसपास मौजूद लोगों ने बस में फंसे यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकालने में मदद की। वहीं सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची स्थानीय पुलिस और रोड सेफ्टी फोर्स द्वारा तेजी से रेसक्यू ऑपरेशन चलाया गया और घायलों को इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया। मौके पर मेडिकल टीम भी पहुंची थी, जिसने घायल यात्रियों का मौके पर ही शुरुवाती इलाज दिया।

CM भगवंत मान ने हादसे पर जताया दुख

इधर पंजाब के सीएम भगवंत मान ने इस भीषण हादसे को लेकर गहरा दुख जताया है। सीएम मान ने सोशल मीडिया प्लेटफ़ार्म X पर लिखा, ”बटाला में सेखवां पुलिस स्टेशन के पास बस पलटने की खबर बहुत दिल दहला देने वाली है। हादसे की जानकारी मिलने पर, पुलिस, मेडिकल टीम और रोड सेफ्टी फोर्स तुरंत मौके पर पहुंची और बचाव अभियान शुरू किया। इस हादसे में हुई दो मौतों पर मैं गहरा दुख जताता हूं। वाहेगुरु जी दिवंगत आत्माओं को अपने चरणों में शांति दें और परिवारों को यह दुख सहने की शक्ति दें।”

CM ने आर्थिक मदद देने का किया ऐलान

वहीं सीएम भगवंत मान ने हादसे में मारे गए लोगों के परिवारों को आर्थिक मदद देने का ऐलान किया है। सीएम ने कहा, ”दुख की इस घड़ी में, आपकी सरकार पीड़ित परिवारों के साथ मजबूती से खड़ी है, और मृतकों के परिवारों को दो-दो लाख रुपये की आर्थिक मदद दी जाएगी। इसके अलावा, घायलों के लिए मुफ्त और अच्छा मेडिकल इलाज पक्का किया जाएगा। मैं घायलों के जल्दी ठीक होने की प्रार्थना करता हूं।”

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button