रविचंद्रन अश्विन ने की बड़ी भविष्यवाणी, महिला टी-20 वर्ल्ड कप में भारत का आगे जाना मुश्किल

नई दिल्ली। टीम इंडिया के पूर्व ऑफ स्पिनर रविचंद्रन अश्विन ने आईसीसी वूमंस टी-20 वल्र्ड कप 2026 में भारतीय टीम को लेकर एक बड़ी भविष्यवाणी की है, जो किसी भी इंडियन क्रिकेट फैन को पसंद नहीं आएगी। बर्मिंघम में पाकिस्तान को बुरी तरह से हराने के बावजूद आर अश्विन को लगता है कि भारतीय टीम इस टूर्नामेंट में ज्यादा आगे नहीं जा पाएगी। जाहिर है कि उनका निशाना सेमीफाइनल और फाइनल को लेकर है। टीम इंडिया इस टूर्नामेंट को कभी नहीं जीती है, लेकिन घर पर वनडे विश्व कप पिछले साल के आखिर में जीता है, जिससे टीम का मनोबल जरूर ऊंचा होगा।
पाकिस्तान के खिलाफ पहले बल्लेबाजी करते हुए टीम इंडिया को शुरुआत बहुत अच्छी नहीं मिली। शेफाली वर्मा और जेमिमा रोड्रिग्स पावरप्ले में ही आउट हो गई थीं। बावजूद इसके भारतीय टीम ने 170 रन अपनी चिर प्रतिद्वंदी टी के खिलाफ बना दिए और मैच 64 रन से जीत लिया, क्योंकि पाकिस्तान को भारत ने 106 रन पर समेट दिया था। स्मृति मंधाना ने 44 गेंदों में 68 बनाए, जबकि 17 गेंदों में 34 रन ऋचा घोष ने बनाए। पांच विकेट दीप्ति शर्मा ने निकाले, लेकिन आर अश्विन इस प्रदर्शन से खुश नहीं दिखे। अश्विन ने कहा, मुझे पक्का नहीं है कि इंडिया इस टी-20 वल्र्ड कप में बहुत आगे जाएगा, क्योंकि लाइनअप में पावर की कमी है। हालांकि, इंडिया ने पाकिस्तान के खिलाफ बहुत अच्छा खेला और उनका स्पिन अटैक एक बार फिर अहम साबित हुआ, लेकिन टीम में अभी भी इंग्लैंड और ऑस्ट्रेलिया जैसी टीमों जैसी गहराई नहीं है। उन्होंने आगे कहा, इंडिया के कॉम्बिनेशन में पावर हिटिंग ऑप्शन थोड़े कम लगते हैं।






