पंजाब

अमृतसर में अंतरराष्ट्रीय हथियार तस्करी मॉड्यूल का भंडाफोड़, आठ तस्कर गिरफ्तार

अमृतसर। पंजाब में अमृतसर कमिश्नरेट पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए सीमा पार से संचालित अवैध हथियार तस्करी नेटवर्क का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने इस मामले में आठ आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 11 अत्याधुनिक पिस्तौल और आठ कारतूस बरामद किए हैं। पुलिस महानिदेशक गौरव यादव ने गुरुवार को बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि गिरफ्तार आरोपी विदेश में बैठे कुछ संचालकों के संपर्क में थे, जो अवैध हथियारों की आपूर्ति में शामिल बताए जा रहे हैं। जांच एजेंसियों को आशंका है कि बरामद हथियारों को आपराधिक तत्वों तक पहुंचाया जाना था और उनका उपयोग रंगदारी वसूलने, हिंसक अपराधों तथा अन्य गैर-कानूनी गतिविधियों में किया जाना था।

गौरव यादव ने कहा कि इस मामले में अमृतसर के एयरपोर्ट थाना, सदर थाना और छेहरटा थाना में अलग-अलग प्राथमिकी दर्ज की गयी हैं। मामले की गहन जांच जारी है। उन्होंने कहा कि पुलिस अब इस नेटवर्क के संपर्कों की पड़ताल कर रही है ताकि पूरे गिरोह का खुलासा किया जा सके। साथ ही इस तस्करी मॉड्यूल से जुड़े अन्य सहयोगियों की पहचान करने, हथियारों की आपूर्ति श्रृंखला का पता लगाने और आगे की बरामदगी तथा गिरफ्तारियों के लिए कार्रवाई की जा रही है।

पुलिस महानिदेशक ने दोहराया है कि राज्य में अवैध हथियार तस्करी, सीमा पार से होने वाली तस्करी और संगठित अपराध के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति के तहत सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। पुलिस का कहना है कि राज्य की सुरक्षा और कानून-व्यवस्था को चुनौती देने वाले तत्वों के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button