दक्षिण कोरिया में प्लेन क्रैश: 28 की मौत, एक हफ्ते में दूसरा बड़ा विमान हादसा
दक्षिण कोरिया के जिओला प्रांत में रविवार को एक बड़ा विमान हादसा हुआ। बैंकॉक से आ रही जेजू एयरलाइन की फ्लाइट 2216 मुआन अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर लैंडिंग के दौरान क्रैश हो गई। विमान में कुल 181 लोग सवार थे, जिनमें से 28 लोगों की मौत हो गई। फ्लाइट में 175 यात्री और 6 क्रू मेंबर्स शामिल थे।
हादसे के दौरान विमान रनवे पर फिसल गया और बाउंड्री फेंस से टकराने के बाद उसमें आग लग गई। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो और तस्वीरों में विमान से धुआं उठता हुआ देखा जा सकता है।
https://x.com/MiniforIYC/status/1873185447981293921?t=co3O2fWwvi0WgDiuu2JqIA&s=19
विमान में सवार ज्यादातर लोग दक्षिण कोरियाई
जेजू एयरलाइन के इस बोइंग 737-800 विमान में 173 दक्षिण कोरियाई यात्री और 2 थाई नागरिक सवार थे। दक्षिण कोरिया की रेस्क्यू टीम ने अब तक दो लोगों को जिंदा बचा लिया है। बाकी यात्रियों की तलाश के लिए बचाव कार्य जारी है। देश के कार्यवाहक राष्ट्रपति चोई सुंग-मोक ने सरकारी एजेंसियों को राहत कार्य तेज करने के निर्देश दिए हैं।
शुरुआती जांच में पक्षी से टकराने की आशंका
हादसे के कारणों का अभी तक स्पष्ट रूप से पता नहीं चल सका है, लेकिन शुरुआती जांच में शक जताया जा रहा है कि यह दुर्घटना विमान के पक्षी से टकराने के कारण हुई हो सकती है। दक्षिण कोरिया की अग्निशमन एजेंसी ने बताया कि हादसे के बाद मौके पर 32 दमकल गाड़ियां तैनात की गई हैं। अब तक एक फ्लाइट अटेंडेंट और एक यात्री को बचा लिया गया है।
कजाकिस्तान में भी हुआ था ऐसा हादसा
यह हादसा पिछले सप्ताह कजाकिस्तान में हुए विमान क्रैश के बाद हुआ है। 25 दिसंबर को अजरबैजान एयरलाइंस का एक विमान कजाकिस्तान के अक्ताऊ शहर के पास क्रैश हो गया था। उस हादसे में विमान में सवार 67 लोगों में से 38 की मौत हो गई थी। विमान चेचन्या की राजधानी ग्रोज़्नी की ओर जा रहा था लेकिन रूसी हवाई क्षेत्र में गोलीबारी के कारण उसे अपना मार्ग बदलना पड़ा। खराब मौसम के कारण विमान ने खाली मैदान में आपात लैंडिंग की कोशिश की लेकिन क्रैश हो गया।






